देवरिया में व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य:देवरिया में छठ पूजा पर घाटों पर उमड़ी भीड़, बैंडबाजे पर गूंजे गीत

Nov 15, 2026 - 18:26
0
देवरिया में व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य:देवरिया में छठ पूजा पर घाटों पर उमड़ी भीड़, बैंडबाजे पर गूंजे गीत
देवरिया में रविवार शाम छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं ने नदी, तालाब और पोखरों में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान उन्होंने संतान की सुख-समृद्धि, लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली की कामना की। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा होगा। परमार्थी पोखरे पर मेले जैसा नजारा, बैंडबाजे पर गूंजे छठ गीत शाम होते ही शहर और सदर तहसील के ग्रामीण इलाकों से व्रती महिलाएं छठ घाटों पर पहुंचने लगीं। महिलाओं ने पहले से तैयार वेदियों पर पूजन किया। इसके बाद कमर भर पानी में खड़े होकर सूर्यास्त का इंतजार किया। सूर्यास्त होते ही अर्घ्य देने का सिलसिला शुरू हो गया। घाटों पर छठ मइया के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं के साथ आए बच्चों ने पटाखे फोड़े। नदी और पोखरों में जलते दीपों की रोशनी आकर्षण का केंद्र रही। शहर के परमार्थी पोखरे पर सबसे ज्यादा भीड़ रही। घाट को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। यहां छठ मइया के गीतों और बैंडबाजे की धुन से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। घाट पर मेले जैसा नजारा दिखाई दिया। आसपास राजनीतिक दलों की ओर से लगाए गए बड़े-बड़े होर्डिंग और बैनर भी नजर आए। हनुमान मंदिर पोखरे पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम शहर के बीचोंबीच स्थित हनुमान मंदिर पोखरे पर भी बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु पहुंचे। भीड़ को देखते हुए घाट और आसपास के रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई थी। वाहनों का प्रवेश रोककर रूट डायवर्जन किया गया। पुलिसकर्मी भीड़ नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था संभालने में जुटे रहे। पोखरे के बीच जलते दीपों की रोशनी से घाट की छटा देखते ही बन रही थी। ग्रामीण क्षेत्रों के घाटों पर भी जुटे श्रद्धालु छठ महापर्व को लेकर शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्साह रहा। गौरीबाजार, बैतालपुर, देसही देवरिया, रामपुर कारखाना, तरकुलवा, बघौचघाट, पथरदेवा, सोनूघाट और खुखुंदू क्षेत्र के गांवों में नदी और पोखरों के घाटों पर व्रती महिलाओं की भीड़ जुटी। महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से छठ वेदियों पर पूजन कर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। परिवार के सदस्य भी उनके साथ मौजूद रहे। इसके अलावा गायत्री मंदिर पोखरा, कुर्ना नाला, बेरमहिया स्थान रामगुलाम टोला, सोमनाथ मंदिर पोखरा, देवरही मंदिर पोखरा, पिपरपाती नहर और चकियवां ढाले के पास भी श्रद्धालुओं ने सूर्य को अर्घ्य दिया। घाटों के आसपास भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक छठ पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शहर के प्रमुख घाटों और आसपास के रास्तों पर पुलिस तैनात रही। हनुमान मंदिर, परमार्थी पोखरा, देवरही मंदिर और सोमनाथ मंदिर पोखरे के आसपास भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों का रूट डायवर्जन किया गया, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो और भीड़ के दौरान जाम की स्थिति न बने। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा व्रत का पारण छठ महापर्व के चार दिवसीय अनुष्ठान के अंतिम दिन सोमवार सुबह व्रती महिलाएं घाटों पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसके बाद छठी मइया की पूजा-अर्चना कर व्रत का पारण किया जाएगा। इसी के साथ 36 घंटे के निर्जला व्रत का समापन होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User