धनतेरस आज, हापुड़ के बाजारों में बढ़ी रौनक:चांदी के सिक्कों और आईफोन 18 प्रो की ज्यादा मांग
हापुड़ में धनतेरस और दीपावली की खरीदारी को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन, सर्राफा, कपड़ा और सजावटी सामान की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। व्यापारियों ने दुकानों को रंग-बिरंगी लाइटों और झालरों से सजाया है। धनतेरस पर नई चीजें खरीदने की परंपरा के चलते लोग अपनी जरूरत और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। व्यापारियों को इस बार 100 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार होने की उम्मीद है। आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स की मांग इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और ओवन समेत घरेलू उपकरणों की बिक्री बढ़ी है। मोबाइल विक्रेता गुफरान सैफी ने बताया कि इस बार आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स की मांग ज्यादा है। इसके अलावा दूसरे ब्रांड के मोबाइल और घरेलू उपकरणों पर मिल रहे ऑफर्स का भी ग्राहक फायदा उठा रहे हैं। चांदी के सिक्कों की सबसे ज्यादा खरीदारी धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा के चलते स्टील, पीतल और तांबे के बर्तनों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ है। सर्राफा कारोबारी आयुष शर्मा ने बताया कि ग्राहक अलग-अलग डिजाइन और वजन के सिक्के पसंद कर रहे हैं। इनमें 99.99 प्रतिशत शुद्धता वाले हॉलमार्क चांदी के सिक्कों की मांग सबसे ज्यादा है। आभूषणों की बुकिंग भी तेजी से हो रही है। पीतल के बर्तन, क्राकरी और सजावटी सामान की बिक्री बढ़ी बर्तन कारोबारी हाजी मुबिन ने बताया कि इस बार पीतल के बर्तनों और दीपकों की मांग अधिक है। वहीं कारोबारी आस मोहम्मद के मुताबिक, क्राकरी की जमकर बिक्री हो रही है। बाजारों में इलेक्ट्रिक झालर, रंग-बिरंगी लाइटें, झूमर, मिट्टी के दीये और रंगोली के सामान की भी खूब खरीदारी हो रही है। कपड़े और मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहक पहुंच रहे हैं। व्यापारियों को उम्मीद है कि इस बार धनतेरस पर पिछले साल के मुकाबले बेहतर कारोबार होगा और बिक्री 100 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर सकती है। 3 जोन और 11 सेक्टर में बांटा जिला, 1500 पुलिसकर्मी तैनात त्योहारों पर बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एसपी मधुवन सिंह ने शहर का दौरा कर बाजारों और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। सुरक्षा के लिहाज से पूरे जिले को तीन जोन और 11 सेक्टर में बांटा गया है। करीब 1500 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। ये पुलिसकर्मी दीपावली से लेकर भाई दूज तक जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। भीड़भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख स्थानों पर पुलिस की निगरानी रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)