कानपुर में धनतेरस पर बिरहाना रोड ज्वैलर्स मार्केट सजा:खरीदारी के लिए दुकानों में भीड़, सांसद की पत्नी ने लिए चांदी के बर्तन
धनतेरस के त्योहार को लेकर शहर के प्रमुख ज्वैलरी बाजार बिरहाना रोड में रौनक दिखाई देने लगी है। शुक्रवार दोपहर से ही सोने-चांदी के आभूषण खरीदने के लिए लोगों की भीड़ पहुंचने लगी। हालांकि, इस बार सोने-चांदी की कीमतों में तेजी के चलते खरीदारी की रफ्तार कुछ धीमी रही। दुकानदारों को उम्मीद है कि शाम होते-होते बाजार में ग्राहकों की संख्या बढ़ेगी और पिछले साल की बिक्री का रिकॉर्ड टूट सकता है। सांसद की पत्नी ने भगवान के लिए खरीदे चांदी के बर्तन
धनतेरस के शुभ मुहूर्त पर राज्यसभा सांसद गोपीनाथ पाण्डेय की पत्नी मंजू पाण्डेय अपने बेटे ऋषभ पाण्डेय के साथ बिरहाना रोड पहुंचीं। यहां उन्होंने घर के मंदिर में विराजमान भगवान के लिए चांदी के बर्तन खरीदे। इसके बाद उन्होंने सोने की चेन भी पसंद की।
मंजू पाण्डेय ने कहा कि इस बार की दीपावली और धनतेरस उनके लिए बेहद खास है। भगवान ने उनके पति को ऐसे पद पर पहुंचाया है, जिसके लिए नहीं सोचा था। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी आभार जताया। दाम बढ़ने से खरीदारी की रफ्तार धीमी
बिरहाना रोड स्थित लाला पुरुषोत्तमदास ज्वैलर्स के शोरूम में दोपहर के समय ग्राहक खरीदारी करते नजर आए। शोरूम संचालक विवेक गुप्ता ने बताया कि इस बार सोने-चांदी के दामों में तेजी के कारण बाजार की शुरुआत थोड़ी धीमी है। हालांकि, शाम से ग्राहकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में शादियों का सीजन भी शुरू होने वाला है। ऐसे में लोग धनतेरस के मौके पर ही ज्वैलरी की खरीदारी कर रहे हैं। इस बार ग्राहकों को छोटे पेंडल काफी पसंद आ रहे हैं। चांदी के सिक्के खरीदते समय रखें इन बातों का ध्यान
धनतेरस पर चांदी के सिक्के खरीदना शुभ माना जाता है। ऐसे में बाजार में सिक्कों की भी अच्छी मांग है। ज्वैलर्स ने ग्राहकों को सलाह दी है कि चांदी के सिक्के खरीदते समय हॉलमार्क जरूर जांचें। खासकर रानी और किंग की आकृति बने वाले सिक्के खरीदते समय सावधानी बरतने की जरूरत है। ग्राहकों को कोशिश करनी चाहिए कि वे कंपनी के अधिकृत शोरूम या हॉलमार्क वाली विश्वसनीय दुकानों से ही चांदी के सिक्के खरीदें, ताकि शुद्धता को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)