धनतेरस पर अलीगढ़ के बाजार में बरसा धन:देर शाम तक बाजारों में खूब खरीदारी, सराफा-बर्तन बाजार में उमड़ी भीड़, वाहन-गहने खूब बिके

Nov 06, 2026 - 22:17
0
धनतेरस पर अलीगढ़ के बाजार में बरसा धन:देर शाम तक बाजारों में खूब खरीदारी, सराफा-बर्तन बाजार में उमड़ी भीड़, वाहन-गहने खूब बिके
किसी ने सोने की अंगूठी खरीदी तो किसी ने नई बाइक की चाबी थामी। कोई परिवार के लिए कार लेने पहुंचा तो किसी ने जमीन और प्रॉपर्टी में निवेश किया। शुक्रवार को धनतेरस पर अलीगढ़ के बाजार में खरीदारी का ऐसा उफान आया कि सुबह से देर शाम तक ग्राहकों का रेला लगा रहा। दोपहिया वाहनों के एक शोरूम से दिनभर में करीब 600 वाहन बिक गए। कार शोरूम में भी अच्छी बिक्री हुई। सराफा बाजार में गहने पसंद करने वालों की भीड़ रही तो बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और कपड़ों की दुकानों पर भी खरीदार उमड़े। प्रमुख बाजारों में वाहनों की लंबी कतारों से जाम जैसे हालात बन गए। इस बार धनतेरस पर खरीदारी का दायरा भी बड़ा नजर आया। पारंपरिक सोना-चांदी और बर्तनों के साथ लोगों ने महंगे वाहनों और प्रॉपर्टी में भी पैसा लगाया। पहले से बुकिंग कराने वाले ग्राहक डिलीवरी लेने पहुंचे तो कई परिवारों ने शोरूम पहुंचकर मौके पर ही वाहन पसंद किए। 600 वाहनों की बिक्री से ऑटो सेक्टर में दिखी रफ्तार दोपहिया वाहन शोरूम के मैनेजर आशीष ने बताया कि धनतेरस पर ग्राहकों का जबरदस्त उत्साह रहा। सुबह से ही शोरूम में खरीदार पहुंचने लगे थे। पूरे दिन बिक्री और डिलीवरी का सिलसिला चलता रहा। करीब 600 वाहनों की बिक्री हुई। कार शोरूम में भी ग्राहकों ने अच्छी संख्या में वाहन खरीदे। कई लोगों ने पहले से बुक कराई कारों की डिलीवरी धनतेरस पर ली। नए वाहन के साथ घर लौटने का उत्साह परिवारों के चेहरों पर साफ दिखाई दिया। गहनों की चमक के आगे नहीं ठहरा ग्राहकों का उत्साह सराफा बाजार में भी धनतेरस की रौनक देखते ही बनी। ज्वेलरी शोरूमों में महिलाओं और परिवारों की भीड़ रही। सोने की अंगूठी, चेन, मंगलसूत्र, कानों के आभूषण और चांदी के सिक्कों की खूब खरीदारी हुई। ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार डिजाइन चुनते नजर आए। ज्वेलरी खरीदने पहुंचे आकाश ने बताया कि धनतेरस पर खरीदारी की अपनी परंपरा है। इसी को देखते हुए परिवार के साथ शोरूम पहुंचे और पसंद के गहने खरीदे। जमीन और प्रॉपर्टी में भी खूब लगा पैसा धनतेरस पर रियल एस्टेट सेक्टर भी कारोबार के लिहाज से सबसे आगे रहने का अनुमान है। जमीन और प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त में करीब 650 करोड़ रुपये का कारोबार अनुमानित किया गया था। शुभ दिन पर रजिस्ट्री और नए निवेश को लेकर भी लोगों में उत्साह रहा। कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक, ऑटो सेक्टर में करीब 180 करोड़ और सराफा बाजार में 100 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद थी। इससे साफ है कि धनतेरस पर खरीदारी छोटे घरेलू सामान से आगे बढ़कर बड़े निवेश तक पहुंची। बर्तन से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक बाजार गुलजार बर्तन बाजार में स्टील, पीतल, तांबे और अन्य धातुओं के बर्तनों की खूब खरीदारी हुई। घरों को रोशन करने के लिए लोगों ने झालर, लाइट और सजावटी सामान खरीदे। इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन और मोबाइल की मांग रही। कपड़ा, रेडीमेड, साड़ी, सलवार सूट, किड्स वियर, कॉस्मेटिक, मिठाई, नमकीन और ड्राईफ्रूट्स की दुकानों पर भी खूब ग्राहक पहुंचे। त्योहार की तैयारियों के लिए लोग एक बाजार से दूसरे बाजार तक खरीदारी करते नजर आए। भीड़ से थमे वाहनों के पहिये, बाजारों में जाम खरीदारी के लिए उमड़े जनसैलाब ने सड़कों पर भी दबाव बढ़ा दिया। मैरिस रोड, रेलवे रोड, रामघाट रोड और सेंटर प्वाइंट समेत प्रमुख बाजारों में देर शाम तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई स्थानों पर जाम जैसे हालात बन गए। दुकानों के सामने ग्राहकों की भीड़ और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही से बाजारों में पैर रखने तक की जगह नहीं दिखी। इसके बावजूद खरीदारी का उत्साह कम नहीं हुआ और देर शाम तक बाजार गुलजार रहे। डेढ़ हजार करोड़ के कारोबार का अनुमान कारोबारियों ने धनतेरस पर जिले में करीब 1500 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान जताया था। सेक्टरवार अनुमान में रियल एस्टेट और जमीन में 650 करोड़, किराना व जनरल स्टोर में 250 करोड़, ऑटो सेक्टर में 180 करोड़, सराफा में 100 करोड़ और बर्तन व क्रॉकरी में 80 करोड़ रुपये शामिल थे। इसके अलावा साड़ी-कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, मिठाई-नमकीन-मेवा, सजावटी सामान और आतिशबाजी सहित अन्य क्षेत्रों में करीब 250 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद थी। महानगर अध्यक्ष एवं प्रदेश महामंत्री उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल सतीश माहेश्वरी ने बताया कि धनतेरस पर बाजार में जबरदस्त भीड़ रही। पूरे साल में इस दिन सबसे ज्यादा खरीदारी होती है। जिलाध्यक्ष प्रदीप गंगा के मुताबिक, व्यापारियों ने पहले से तैयारियां की थीं और जिलेभर में अच्छा कारोबार हुआ। निवेश एवं आर्थिक मामलों के जानकार विजय पचीसिया ने कहा कि वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों में वृद्धि के बावजूद बाजार में सकारात्मक माहौल बना हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User