सपा ने 24 घंटे में नियुक्ति रद्द की:विरोध के बाद भारत भूषण शर्मा को मथुरा महानगर अध्यक्ष बनाने का आदेश निरस्त
मथुरा में समाजवादी पार्टी में महानगर अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिरकार 24 घंटे के भीतर ही समाप्त हो गया। अधिवक्ता भारत भूषण शर्मा को महानगर अध्यक्ष बनाए जाने का आदेश पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने निरस्त कर दिया है। नियुक्ति की घोषणा के बाद पार्टी के अंदर विरोध के स्वर उठने लगे थे। कार्यकर्ताओं की नाराजगी और पूर्व में अनुशासनहीनता के आरोपों में पार्टी से निष्कासन का मामला सामने आने के बाद नेतृत्व को अपना फैसला वापस लेना पड़ा। लोहिया वाहिनी और मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के पूर्व जिलाध्यक्ष रहे भारत भूषण शर्मा की नियुक्ति का उनके समर्थकों ने स्वागत किया था, लेकिन पार्टी के कई स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस फैसले पर सवाल खड़े कर दिए थे। उनका कहना था कि जिस व्यक्ति को पहले अनुशासनहीनता के आरोपों में पार्टी से निष्कासित किया जा चुका है, उसे बिना पूरे मामले की समीक्षा किए इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देना उचित नहीं है। नियुक्ति के विरोध में पूर्व महानगर उपाध्यक्ष राजेश यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की थी। वहीं निवर्तमान जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने भी सीधे महानगर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपे जाने में हुई चूक से शीर्ष नेतृत्व को अवगत कराया था। विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं की मांग थी कि पुराने विवाद और संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा के बाद ही नियुक्ति पर अंतिम निर्णय लिया जाए। मामले के तूल पकड़ने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निजी सचिव गंगाराम की ओर से नया कार्यालय पत्र जारी किया गया। इसमें भारत भूषण शर्मा की महानगर अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के आदेश को निरस्त किए जाने की पुष्टि की गई है। गौरतलब है कि हाल ही में अखिलेश यादव ने मथुरा जिले की सभी प्रमुख और फ्रंटल इकाइयों को भंग कर दिया था। नियुक्ति निरस्त होने के बाद संगठन में आगे की जिम्मेदारियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस संबंध में भारत भूषण शर्मा से उनका पक्ष जानने के लिए कई बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)