धनतेरस पर कानपुर में खरीदारी का टूटा रिकार्ड:लगभग 2500 करोड़ का हुआ कारोबार, 250Kg सोना 10 हजार किलो बिकी चांदी

Nov 07, 2026 - 10:27
0
धनतेरस पर कानपुर में खरीदारी का टूटा रिकार्ड:लगभग 2500 करोड़ का हुआ कारोबार, 250Kg सोना 10 हजार किलो बिकी चांदी
धनतेरस पर शुक्रवार को कानपुर के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। महंगाई का असर त्योहार की खरीदारी पर नजर नहीं आया। ऑटोमोबाइल, सराफा, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तन समेत सभी प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। देर रात तक बाजार गुलजार रहे। कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक, इस बार शहर में करीब 2,500 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ। पिछले साल धनतेरस पर करीब 2,000 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ था। यानी इस बार धनतेरस पर कारोबार ने रिकार्ड तोड़ दिया है। कानपुर में ऑटोमोबाइल सेक्टर इस बार सबसे आगे रहा। मर्सिडीज, बीएमडब्ल्यू, स्कोडा समेत विभिन्न कंपनियों के लगभग 20 हजार से ज्यादा दोपहिया और चारपहिया वाहन बिके। वहीं, सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट के बावजूद लोगों ने जमकर खरीदारी की। सराफा बाजार में करीब 450 करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान है। कारोबार के बड़े आंकड़े कुल कारोबार: 2,532 करोड़ रुपए (अनुमानित) पिछले साल का कारोबार: 2,000 करोड़ रुपए ऑटोमोबाइल कारोबार: 1,300 करोड़ रुपए (अनुमानित) सराफा कारोबार: 450 करोड़ रुपए (अनुमानित) कुल वाहन बिक्री: 20 हजार से ज्यादा दोपहिया वाहन: करीब 14 हजार चारपहिया वाहन: करीब 6 हजार 20 हजार से ज्यादा वाहन बिके, एसयूवी की सबसे ज्यादा डिमांड रही धनतेरस पर ऑटोमोबाइल बाजार में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। लोग अपनी पसंदीदा बाइक, स्कूटी, बुलेट और कार की डिलीवरी लेने शोरूम पहुंचे। कारोबारियों के मुताबिक, करीब 14 हजार दोपहिया और 6 हजार चारपहिया वाहन बिके। इससे लगभग 1,300 करोड़ रुपए का कारोबार होने का अनुमान है। कारों में 15 से 20 लाख रुपए तक की एसयूवी ग्राहकों की पहली पसंद रहीं। वहीं, लग्जरी कारों के शौकीनों ने मर्सिडीज और बीएमडब्ल्यू जैसी महंगी गाड़ियां भी खरीदीं। करीब 1.25 करोड़ रुपए कीमत वाली मर्सिडीज और 70 से 80 लाख रुपए की बीएमडब्ल्यू की भी बिक्री हुई। स्कूटी के साथ बाइक और बुलेट की भी बढ़ी डिमांड इस बार दोपहिया वाहनों की खरीदारी का ट्रेंड भी बदला नजर आया। पहले 100 दोपहिया वाहनों की बिक्री में 60-65 स्कूटी और 35-40 बाइक व बुलेट शामिल होती थीं। इस बार स्कूटी और बाइक-बुलेट की बिक्री लगभग बराबर रही। शहर में 12 हजार से ज्यादा बाइक और स्कूटी बिकने का अनुमान है। सोने के भाव 3,200 रुपए गिरे, फिर भी लगभग 450 करोड़ की खरीदारी धनतेरस के दिन सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। सोने का भाव 3,200 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव 3,000 रुपए प्रति किलो कम हुआ। शुक्रवार को सोना 1,45,500 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 1,90,700 रुपए प्रति किलो पर रही। भाव में गिरावट के बीच सराफा बाजार में खरीदारी का उत्साह बना रहा। कारोबारियों के अनुसार, करीब 250 किलो सोना और 10 हजार किलो से ज्यादा चांदी की बिक्री हुई। सोने-चांदी के आभूषणों के साथ सिक्कों की भी अच्छी मांग रही। ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज के मुताबिक, इस बार कीमतें बढ़ने के बावजूद शहर में करीब 450 करोड़ रुपए का सराफा कारोबार हुआ। पिछले साल यह आंकड़ा 265 करोड़ रुपए से अधिक था। देर रात तक बाजारों में रही रौनक धनतेरस पर बिरहाना रोड, नयागंज और चौक सराफा बाजार में ग्राहकों की भीड़ रही। सीसामऊ, पीरोड, लालबंगला, गुमटी नंबर-5, गोविंदनगर, स्वरूपनगर, आर्यनगर, कल्याणपुर, किदवईनगर और बर्रा के बाजार भी देर रात तक गुलजार रहे। इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन और अन्य घरेलू सामान की दुकानों पर भी जमकर खरीदारी हुई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User