धनतेरस पर सोने की खरीद में 25% तक गिरावट:सहारनपुर में वाहन बाजार में सबसे ज्यादा रौनक, चांदी के सिक्कों की बढ़ी मांग

Nov 07, 2026 - 04:41
0
धनतेरस पर सोने की खरीद में 25% तक गिरावट:सहारनपुर में वाहन बाजार में सबसे ज्यादा रौनक, चांदी के सिक्कों की बढ़ी मांग
सहारनपुर में धनतेरस पर बाजारों में खरीदारी का उत्साह छाया रहा। सुबह से ही दुकानों और शोरूम में ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई थी। दिन चढ़ने के साथ बाजारों में भीड़ बढ़ती गई और देर रात तक खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। किसी ने नए वाहन के साथ त्योहार की शुरुआत की तो किसी ने घर के लिए बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और सजावटी सामान खरीदा। सराफा बाजार में चांदी के सिक्कों की मांग रही, जबकि सोने की खरीदारी अपेक्षाकृत कम बताई गई। कारोबारियों का अनुमान है कि धनतेरस से दीपावली तक जिले में 400 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हो सकता है। धनतेरस पर शुभ खरीदारी का समय सुबह 10:30 बजे से शुरू हुआ। इसके बाद शहर के प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी। मिठाई, कपड़ा, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, किराना और सराफा कारोबारियों के यहां दिनभर चहल-पहल रही। त्योहार के चलते बाजारों में सजावट और रोशनी ने भी लोगों को आकर्षित किया। परिवारों के साथ खरीदारी करने पहुंचे लोगों ने अपनी जरूरत और बजट के अनुसार सामान खरीदा। ऑटोमोबाइल सेक्टर में सबसे ज्यादा उत्साह, दो दिन में सैकड़ों वाहनों की डिलीवरी धनतेरस पर वाहन खरीदने को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार, बाइक और स्कूटी के शोरूम में ग्राहकों की भीड़ रही। कई लोगों ने पहले से बुक कराए वाहनों की डिलीवरी ली, जबकि कुछ ग्राहकों ने त्योहार के मौके पर नए वाहन की खरीदारी की। वाहन कारोबारी निपुण जैन ने बताया कि उनके शोरूम से गुरुवार और शुक्रवार को मिलाकर 152 वाहनों की डिलीवरी की गई। अजय आर्य के शोरूम से 50 बाइक और स्कूटी ग्राहकों को सौंपी गईं। कार शोरूम संचालक राघव के मुताबिक, दो दिनों में 21 कारों की डिलीवरी हुई। वहीं, लिंक रोड स्थित दोपहिया वाहन शोरूम के संचालक हरवीर सिंह बाबा ने बताया कि उनके यहां देर शाम तक 450 दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई। सोने की चमक पर चांदी का सिक्का भारी धनतेरस पर सराफा बाजार में भी ग्राहकों की आवाजाही रही। हालांकि इस बार सोने के आभूषणों की तुलना में चांदी के सिक्कों और पूजन सामग्री की मांग अधिक बताई गई। दीपावली पूजन के लिए लोगों ने लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और चांदी के सिक्के खरीदे। कारोबारियों के मुताबिक, इस बार आठ ग्राम के चांदी के सिक्के ग्राहकों की पसंद बने रहे। वहीं, सवा पांच इंच की लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की भी अच्छी मांग रही। ज्वेलर्स शोरूम संचालक राम राजीव सिंगला ने बताया कि धनतेरस पर चांदी के सिक्कों की बिक्री अधिक रही, लेकिन पिछले साल के मुकाबले कुल बिक्री में करीब 25 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सोना नहीं खरीदने की अपील का भी ग्राहकों के रुझान पर असर हो सकता है। ज्वेलर्स राकेश गुप्ता ने बताया कि सोने की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण ग्राहक खरीदारी को लेकर सतर्क हैं। दीपावली पूजन के लिए लोग सोने के बजाय चांदी के सिक्कों को प्राथमिकता दे रहे हैं। उनके मुताबिक, पिछले साल की तुलना में इस बार बाजार में ग्राहकों की संख्या करीब 25 प्रतिशत कम रही। स्टील के डिनर सेट से लेकर पीतल-कांसे के बर्तनों तक खरीदारी धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा के चलते बर्तन बाजार में भी अच्छी रौनक रही। दुकानों पर स्टील के डिनर सेट, थाली, कटोरी, गिलास और चम्मच की अलग-अलग वैरायटी उपलब्ध रही। इसके अलावा प्रेशर कुकर, नॉनस्टिक कुकवेयर, तांबे की बोतल और जग की भी खरीदारी हुई। पीतल और कांसे के बर्तनों को पसंद करने वाले ग्राहकों ने भी दुकानों पर पहुंचकर खरीदारी की। कारोबारियों ने छोटे और बड़े परिवारों की जरूरत के हिसाब से अलग-अलग कीमतों के बर्तन उपलब्ध कराए। इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी त्योहार के चलते ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। काजू कतली, बादाम बर्फी और पिस्ता रोल की मिठास से महका बाजार दीपावली पर मिठाइयों की खरीदारी का सिलसिला भी तेज रहा। परिवारों और रिश्तेदारों के लिए मिठाई खरीदने पहुंचे ग्राहकों ने काजू कतली, बादाम बर्फी और पिस्ता रोल को पसंद किया। कारोबारियों के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों से पारंपरिक मावे की मिठाइयों के साथ ड्राई फ्रूट्स से तैयार मिठाइयों और चॉकलेट की मांग भी बढ़ी है। दिल्ली रोड स्थित स्वीट्स शोरूम के संचालक ने बताया कि दीपावली पर मिठाइयों की मांग अच्छी रहती है। इस बार भी ग्राहकों ने काजू कतली, बादाम बर्फी और पिस्ता रोल की खरीदारी की। लोग परिवार और रिश्तेदारों के लिए मिठाइयां ले जा रहे हैं। रंगोली, तोरण और सजावटी सामान की दुकानों पर भी भीड़ घर को दीपावली के लिए सजाने के लिए लोगों ने रंगोली के रंग, रेडीमेड रंगोली, मिट्टी की आकर्षक मूर्तियां, माता लक्ष्मी के चरण और तोरण द्वार खरीदे। बाजारों में सजावटी सामान की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। त्योहार की तैयारियों के चलते बाजारों में देर शाम तक रौनक बनी रही। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शीतल टंडन ने बताया कि धनतेरस से दीपावली तक जिले में 400 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान है। त्योहार को लेकर लोगों में उत्साह है और बाजारों में अच्छी खरीदारी देखने को मिल रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User