बाइक की EMI भरने के लिए अपार्टमेंट में की चोरी:लखनऊ में लिफ्ट से 10वीं मंजिल पर पहुंचे, बच्चे के आने पर भागे
लखनऊ में फ्लैट का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 28 अक्टूबर को अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट से लैपटॉप, मोबाइल, घड़ी और बच्चों की दो गुल्लकों में रखे रुपए चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक घड़ी, मोबाइल फोन और 5,230 रुपए बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों में अयोध्या के रितिक तिवारी उर्फ हैपी पर सात और बृजेश तिवारी पर दो मुकदमे दर्ज हैं। घटना गोमतीनगर विस्तार के अलकनंदा अपार्टमेंट की है। फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे इंस्पेक्टर गौरव बाजपेई ने बताया गोमतीनगर विस्तार के अलकनंदा अपार्टमेंट के L/804 निवासी सत्य शरण सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 अक्टूबर की दोपहर उनके फ्लैट का ताला तोड़कर चोर लैपटॉप, मोबाइल, घड़ी और बच्चों की दो गुल्लक में रखे रुपये चोरी कर ले गए। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया था। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके आधार पर रितिक तिवारी (21) निवासी दिवाकरपट्टी, सुल्तानपुर और बृजेश तिवारी (26) निवासी हैदरगंज, अयोध्या को चिह्नित किया गया। शनिवार को दोनों को सेक्टर-4 स्थित ईदगाह के पास झाड़ियों के किनारे से गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से एक गोल्डन-व्हाइट रंग की घड़ी, ओप्पो कंपनी का काले रंग का मोबाइल और 5,230 रुपये बरामद हुए। बाइक की किस्त भरने के लिए की चोरी पूछताछ में रितिक ने बताया कि उसने सीडी डीलक्स बाइक खरीदी थी। उसकी ईएमआई भरने के लिए रुपए नहीं थे। इसी वजह से दोनों टहलते हुए अलकनंदा अपार्टमेंट पहुंचे। लिफ्ट से पहले 10वीं मंजिल पर गए और फिर नीचे उतरते समय आठवीं मंजिल पर पहुंचे। वहां कई फ्लैट बंद मिले तो एक फ्लैट का ताला तोड़कर चोरी कर ली। निर्माणाधीन मकान में सिक्योरिटी गार्ड हैं दोनों आरोपी आरोपियों के मुताबिक, चोरी के करीब पांच मिनट बाद फ्लैट मालिक का बेटा वहां पहुंच गया। उसे देखकर दोनों मौके से भाग निकले। पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों एक निर्माणाधीन मकान में सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करते थे। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस उन तक पहुंची।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)