MLC मान सिंह यादव बोले,2027 में अखिलेश यादव बनेंगे मुख्यमंत्री:प्रयागराज में आंबेडकर प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, कहा- चुनाव में मुद्दों की जीत हुई
इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद समाजवादी पार्टी के नवनिर्वाचित एमएलसी डॉ. मान सिंह यादव गुरुवार को प्रयागराज स्थित अपने घर पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले हाई कोर्ट चौराहे पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। मीडिया से बातचीत में डॉ. मान सिंह यादव ने अपनी जीत को विभिन्न वर्गों और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों की जीत बताया। उन्होंने कहा कि इस जीत का श्रेय बूथ स्तर से लेकर सेक्टर स्तर तक काम करने वाले सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और उन लोगों को जाता है, जिन्होंने इन मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ा। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन, वित्तविहीन शिक्षकों की समस्याएं, पेपर लीक, 69 हजार शिक्षक भर्ती, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और एडवोकेट प्रोटेक्शन लॉ जैसे मुद्दे चुनाव के केंद्र में रहे। यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि इन मुद्दों को लेकर संघर्ष करने वाले सभी लोगों की जीत है। ‘भाजपा मुद्दाविहीन पार्टी, साजिश की भी एक सीमा’ डॉ. मान सिंह यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा मुद्दाविहीन पार्टी है। जनता ने अपने फैसले से संदेश दिया है कि साजिश और षड्यंत्र की भी एक सीमा होती है। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की लोकप्रियता और नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि वह विजनरी नेता हैं और पूरे समाज का उन पर भरोसा है। वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएगी। पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इस जीत में सभी की भूमिका रही है। इसका श्रेय किसी एक व्यक्ति या वर्ग को नहीं दिया जा सकता, बल्कि सभी का योगदान है। 2027 में सामाजिक न्याय की सरकार बनेगी समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कहा कि एमएलसी चुनाव के बाद जनता पूरी तरह उठ खड़ी हुई है। वर्ष 2027 में सामाजिक न्याय के राज की स्थापना होने जा रही है और इसके महानायक अखिलेश यादव होंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)