दीपावली की रात मारपीट में घायल व्यक्ति की मौत:शाहजहांपुर में चुनावी रंजिश में हत्या का आरोप, ग्राम प्रधान पर FIR

Nov 10, 2026 - 14:34
0
दीपावली की रात मारपीट में घायल व्यक्ति की मौत:शाहजहांपुर में चुनावी रंजिश में हत्या का आरोप, ग्राम प्रधान पर FIR
शाहजहांपुर में दीपावली की रात गांव जा रहे 45 साल के महिपाल सिंह पर ग्राम प्रधान और उनके साथियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिपाल की सोमवार शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर इलाज के कागज देने के बजाय थाने में बैठाने और समझौते का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर चार लोगों को हिरासत में लिया है। चुनावी रंजिश में पहले भी हो चुका था विवाद महिपाल सिंह परशुरामपुरी थाना क्षेत्र में रहते थे। उनका मूल गांव मिर्जापुर थाना क्षेत्र का उईला थाथरमई था। वह हर साल होली और दीपावली मनाने गांव जाते थे। परिजनों के मुताबिक, गांव के प्रधान रक्षपाल से उनका विवाद था। महिपाल की भाभी ने प्रधान का चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गई थीं और रक्षपाल जीत गए थे। इसके बाद से दोनों परिवारों के बीच चुनावी रंजिश चल रही थी। परिजनों का आरोप है कि करीब दो महीने पहले प्रधान के कहने पर उनके साथियों ने महिपाल के खेत की बाउंड्री तोड़ दी थी। इसको लेकर विवाद भी हुआ था, लेकिन बाद में मामला शांत हो गया। गांव के बाहर आठ लोगों ने किया हमला परिजनों के मुताबिक, दीपावली की रात महिपाल गांव जा रहे थे। तभी गांव के बाहर प्रधान रक्षपाल और उनके आठ साथियों ने उन्हें लाठी-डंडों से पीट दिया। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन उन्हें पहले CHC ले गए। वहां से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां सोमवार शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इसमें महिपाल के अलावा दूसरे पक्ष के दो लोग भी घायल हुए थे। उनका मेडिकल भी कराया गया था। भाई का आरोप- इलाज के कागज मांगने पर थाने में बैठाया महिपाल के भाई ध्यानपाल ने आरोप लगाया कि वह अपने भूतपूर्व सैनिक भाई कुनेंद्र पाल सिंह के साथ सोमवार सुबह करीब आठ बजे इलाज से जुड़े कागज लेने मिर्जापुर थाने गए थे। आरोप है कि थाना प्रभारी ने दोनों भाइयों के साथ गाली-गलौज और अभद्रता की। उन्हें थाने में बैठा लिया गया और ध्यानपाल का मोबाइल भी ले लिया गया। ध्यानपाल के मुताबिक, वह लगातार पुलिस से इलाज के कागज देने की मांग करते रहे, ताकि महिपाल का इलाज हो सके। उन्होंने पुलिस से कहा था कि भाई ठीक होने पर खुद बता देगा कि उसे किसने पीटा है। इसके बावजूद उन पर समझौता करने का दबाव बनाया गया। इनकार करने पर उनके खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई कर दी गई। ध्यानपाल ने आरोप लगाया कि महिपाल की मौत की सूचना थाने पहुंचने के बाद ही दोनों भाइयों को छोड़ा गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि थाना प्रभारी कुछ कागज फाड़ने लगे और उनसे एक कागज पर अंगूठा लगाने को कहा, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। ध्यानपाल ने कहा, "अब तो मेरा भाई चला गया।" प्रधान समेत चार आरोपी हिरासत में CO परशुरामपुरी दीपक सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। महिपाल के अलावा दूसरे पक्ष के दो लोग भी घायल हुए थे। दोनों पक्षों की ओर से थाने में तहरीर दी गई थी। इसी आधार पर दोनों पक्षों के कुछ लोगों को थाने बुलाया गया था। इलाज के दौरान महिपाल की मौत हुई है। तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User