हाथरस में घर-घर हुई गोवर्धन महाराज की पूजा:मंदिरों में अन्नकूट प्रसादी बांटी गई, गौशाला में लगी भक्तों की भीड़
हाथरस में आज सुबह से गोवर्धन पर्व मनाया जा रहा है। शहर और आसपास के गांवों में घर-घर गोवर्धन महाराज की पूजा हुई। मंदिरों में अन्नकूट प्रसादी बांटी गई। गौशाला स्थित बड़े गोवर्धन महाराज की पूजा के लिए सुबह से लोगों की भीड़ जुटी। श्रद्धालुओं ने वहां परिक्रमा की। कुछ लोगों ने यह पर्व कल भी मनाया था, जबकि ज्यादातर लोग आज पर्व मना रहे हैं। काफी लोग पर्व मनाने गिरिराज जी भी गए हैं। घर के आंगन में गोवर्धन महाराज की आकृति बनाई गई। उसे खील और फूलों से सजाया गया और पोशाक पहनाई गई। परिवार के लोगों ने साथ में पूजा की और गिरिराज महाराज के जयकारे लगाए। पूजा के दौरान महिला और पुरुष भक्ति गीत गाते हुए परिक्रमा कर रहे थे। इनमें ‘दाऊजी कौ भैय्या कृष्ण कन्हैया’, ‘गड्या चुरावै कृष्ण कन्हैया’, ‘माखन चुरावै कृष्ण कन्हैया’ और ‘कन्हैया मेरे नथ का नगीना री’ भजन शामिल थे। अन्नकूट की सब्जी में बैंगन, मूली और गोभी समेत कई सब्जियां डाली जाती हैं। सब्जी बेचने वालों ने इस दिन सब्जियों के दाम बढ़ा दिए। ग्रामीण इलाकों में गोबर आसानी से मिल जाता है, लेकिन शहर में लोग पॉलीथिन और बर्तन लेकर सड़कों पर गोबर ढूंढते दिखे। जिन्हें गोबर नहीं मिला, उन्हें इसे खरीदना पड़ा। घरों से लेकर गौशालाओं तक सुबह से पर्व मनाया गया। काफी लोग आज मथुरा में गोवर्धन की परिक्रमा लगाने भी गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)