महिलाओं ने गंगा में खड़े-होकर डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य:उन्नाव में छठ पूजा पर घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गीतों से गूंजा माहौल

Nov 15, 2026 - 18:10
0
महिलाओं ने गंगा में खड़े-होकर डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य:उन्नाव में छठ पूजा पर घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गीतों से गूंजा माहौल
उन्नाव में रविवार शाम छठ पूजा पर व्रती महिलाओं ने गंगा में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। मिश्रा कॉलोनी से शिवबाबा घाट, रेलवे पुल घाट और नमामि गंगे घाट तक श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। घाटों पर छठ के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। सुरक्षा के लिए 60 नाव और 60 गोताखोर तैनात किए गए थे। दउरा और पूजन सामग्री लेकर घाट पहुंचीं महिलाएं महिलाएं सिर पर दउरा और हाथों में पूजन सामग्री लेकर परिवार के साथ घाट पहुंचीं। सजे सूप में फल, ठेकुआ, नारियल और गन्ना रखा था। व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और खुशहाली की कामना की। सूर्यास्त का समय नजदीक आने के साथ घाटों पर भीड़ बढ़ती गई। परिवार के सदस्य भी पूजन सामग्री लेकर व्रतियों के साथ पहुंचे। कई जगह लोगों ने दीप जलाए। महिलाओं ने समूह में ‘कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए...’, ‘उग हे सुरुज देव, भइल भिनसरवा...’, ‘केलवा जे फरेला घवद से, ओह पर सुगा मेड़राय...’ और ‘पहिले-पहिल छठी मइया...’ जैसे पारंपरिक गीत गाए। बच्चों और युवाओं ने भी पर्व में हिस्सा लिया। कई परिवारों ने तस्वीरें और वीडियो बनाए। घाटों पर सफाई, रोशनी और आने-जाने के रास्तों की व्यवस्था छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर पालिका और जिला प्रशासन ने तैयारियां की थीं। शनिवार सुबह से पालिका की टीमें घाटों की सफाई, रास्तों को समतल करने और रोशनी का इंतजाम करने में जुटी थीं। शिवबाबा घाट से रेलवे पुल घाट तक ट्रैक्टर और जेसीबी की मदद से रास्तों को समतल कराया गया, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो। महिलाओं की सुविधा के लिए अस्थायी चेंज रूम, मोबाइल टॉयलेट और पेयजल टैंकर की व्यवस्था की गई। गंगा किनारे गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कराई गई थी। घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई। बड़े वाहनों का घाटों की ओर प्रवेश प्रतिबंधित रहा। पुलिस और नगर पालिका के कर्मचारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे। अधिकारियों ने किया था घाटों का निरीक्षण छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर शनिवार को एसपी जयप्रकाश सिंह, एडीएम प्रशासन समेत अन्य अधिकारियों ने गंगा घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सफाई, प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए थे। रविवार को भी पुलिस और पालिका की टीमें घाटों पर व्यवस्थाएं संभालती नजर आईं। एसडीएम सदर राजेश विश्वकर्मा, सीओ सिटी विनी सिंह, ईओ मुकेश कुमार मिश्रा, कोतवाली प्रभारी अजय कुमार सिंह, पालिका अध्यक्ष कौमुदी पांडे और अध्यक्ष प्रतिनिधि संदीप पांडेय ने भी घाटों पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। ईओ ने बताया कि गंगा में जहां पानी अधिक गहरा है, वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं। 60 नावों और 60 गोताखोरों ने संभाली सुरक्षा की जिम्मेदारी गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने 60 नावों की व्यवस्था की। प्रत्येक नाव पर एक नाविक तैनात किया गया। इसके अलावा 60 प्रशिक्षित गोताखोरों को भी मुस्तैद रखा गया, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाई जा सके। जल पुलिस की टीम गंगा में लगातार गश्त करती रही। गहरे पानी वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। सेल्फी प्वाइंट पर युवाओं ने खिंचवाई तस्वीरें छठ पर्व की रौनक बढ़ाने के लिए नगर पालिका की ओर से घाटों पर विशेष सेल्फी प्वाइंट बनाया गया। शाम को रंगीन रोशनी और सजावट के बीच युवाओं और बच्चों में यहां तस्वीरें खिंचवाने का उत्साह दिखा। श्रद्धालुओं ने परिवार के साथ यादगार पलों को कैमरे में कैद किया। घाटों की सजावट और भक्ति गीतों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूरा होगा व्रत छठ महापर्व के चार दिवसीय अनुष्ठान में रविवार शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके लिए सोमवार तड़के से श्रद्धालुओं के घाटों पर पहुंचने का सिलसिला शुरू होगा। सूर्योदय के समय व्रती महिलाएं गंगा में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके बाद छठी मइया की पूजा-अर्चना कर व्रत का पारण किया जाएगा। पालिका अध्यक्ष कौमुदी पांडे ने कहा कि छठ पर्व उन्नाव की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा उत्सव है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए हर संभव व्यवस्था की गई है। उन्होंने लोगों से घाटों पर साफ-सफाई बनाए रखने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User