दिवाली-छठ पर दो पूजा स्पेशल ट्रेनें चलेंगी:साबरमती-मुजफ्फरपुर और खुर्दारोड-आनंद विहार ट्रेनों का टूंडला में ठहराव
फिरोजाबाद में दिवाली और छठ पूजा पर ट्रेनों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे लगातार विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है। इसी क्रम में रेल प्रशासन ने साबरमती-मुजफ्फरपुर और खुर्दारोड-आनंद विहार के बीच पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों का टूंडला जंक्शन पर ठहराव होने से जिले के साथ आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी आवागमन में सहूलियत मिलेगी। प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि ट्रेन नंबर 09473 साबरमती-मुजफ्फरपुर विशेष ट्रेन सात और 14 नवंबर को साबरमती से शाम सात बजे रवाना होगी। यह अगले दिन सुबह 10:44 बजे टूंडला जंक्शन पहुंचेगी। यहां पांच मिनट ठहराव के बाद कानपुर, सूबेदारगंज, बनारस, बलिया, छपरा और हाजीपुर होते हुए अगले दिन तड़के 4:30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 09474 मुजफ्फरपुर-साबरमती विशेष ट्रेन नौ और 16 नवंबर को सुबह 7:30 बजे मुजफ्फरपुर से चलेगी। यह अगले दिन दोपहर 1:19 बजे टूंडला पहुंचेगी। ट्रेन में स्लीपर, सामान्य और एसएलआर सहित कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इसके अलावा खुर्दारोड से आनंद विहार टर्मिनल के बीच भी पूजा स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। ट्रेन नंबर 08407 खुर्दारोड-आनंद विहार सात नवंबर को दोपहर 12:15 बजे खुर्दारोड से रवाना होगी। यह अगले दिन शाम 6:15 बजे टूंडला जंक्शन पहुंचेगी। यहां दो मिनट के ठहराव के बाद गाजियाबाद होते हुए रात 10:30 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 08408 आनंद विहार-खुर्दारोड नौ नवंबर को मध्यरात्रि 12:30 बजे रवाना होकर अगले दिन तड़के 3:50 बजे टूंडला पहुंचेगी। दो मिनट के ठहराव के बाद खुर्दारोड के लिए रवाना हो जाएगी। रेलवे की ओर से त्योहारों पर किए जा रहे विशेष ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे और नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)