दिवाली के 2 दिन बाद भी कूड़े का अंबार:कानपुर में 4200 मीट्रिक टन कचरे से पट गईं सड़कें, बदबू से परेशान शहरवासी
कानपुर में दीपावली का त्योहार बीतने के दो दिन बाद भी सफाई व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट सकी है। सड़कों से लेकर गलियों और बाजारों तक कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। कहीं पटाखों के जले हुए अवशेष और कागज बिखरे हैं तो कहीं प्लास्टिक, गत्ते और खाने-पीने की बची सामग्री सड़कों पर पड़ी है। कई इलाकों में नालियों के आसपास कचरा जमा होने से बदबू फैल रही है। मंगलवार को भी कई इलाकों में सफाईकर्मी और कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां नजर नहीं आईं। इससे लोगों को गंदगी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। घरों में आने वाले रिश्तेदार भी शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था देखकर सवाल उठा रहे हैं। देखिए 3 तस्वीरें… दिवाली के 2 दिन बाद भी सड़कों पर कूड़े का अंबार दीपावली के बाद शहर में कूड़े का दबाव अचानक बढ़ गया है। इन दो दिनों में करीब 4200 मीट्रिक टन कचरा इकट्ठा होने का अनुमान है। सामान्य दिनों में शहर से रोजाना करीब 1400 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है, जबकि करीब 1350 मीट्रिक टन कूड़ा ही उठाया जा पाता है। यानी सामान्य दिनों में भी रोजाना करीब 50 मीट्रिक टन कचरा उठान से छूट जाता है। त्योहार के बाद अतिरिक्त कचरे ने व्यवस्था की पोल खोल दी है। 5 हजार कर्मचारी और 68 गाड़ियां भी कम पड़ीं नगर निगम की ओर से सफाई व्यवस्था संभालने के लिए करीब 5 हजार सफाई कर्मचारियों और 35 सेनेटरी ऑफिसरों की तैनाती की गई है। कूड़ा उठाने के लिए छोटी-बड़ी 68 गाड़ियां लगाई गई हैं। इसके अलावा जेटीएन और दीक्षांत कंपनी कई मोहल्लों में घर-घर से कूड़ा उठाने का काम कर रही हैं। बाजारों में दो समय कूड़ा उठाने की व्यवस्था की गई है। त्योहार को देखते हुए सफाई कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई थीं। इसके बावजूद शहर के कई इलाकों में कूड़ा उठान नहीं हो सका। कूड़े के ढेर की बदबू से लोग परेशान दरअसल, दीपावली पर बाजारों में देर रात तक खरीदारी हुई। इससे दुकानों के बाहर प्लास्टिक, कागज, गत्ते, रस्सी और पैकिंग का सामान बड़ी मात्रा में जमा हो गया। इसके अलावा पटाखों के अवशेष और घरेलू कचरे ने भी सफाई व्यवस्था पर अतिरिक्त बोझ बढ़ा दिया। बाजार बंद होने के बाद जमा होने वाले कचरे का समय से उठान नहीं होने के कारण कई जगह सड़क किनारे ढेर लग गए हैं। इन इलाकों में सबसे ज्यादा हो रही परेशानी गोविंद नगर चावला मार्केट, विद्यार्थी मार्केट, फर्नीचर मार्केट, शास्त्री नगर, पीरोड, सीसामऊ बाजार, नवीन मार्केट, शिवाला, मेस्टन रोड, चौक सर्राफा, बर्तन बाजार, मनीराम बगिया, बिरहाना रोड, किदवई नगर, कल्याणपुर और नौबस्ता समेत कई प्रमुख बाजारों में कचरा फैला रहा। लोग बोले- फोन करने पर भी सुनवाई नहीं सीसामऊ निवासी धर्मेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि दीपावली के बाद से क्षेत्र में कूड़ा नहीं उठाया गया है। घरों के अंदर और बाहर गंदगी फैली हुई है। सड़कों पर कूड़े के ढेर लगे हैं। घरों में रिश्तेदार आ रहे हैं, लेकिन सामने फैली गंदगी देखकर उन्हें भी परेशानी हो रही है। सफाई कर्मचारियों को फोन करने पर केवल आश्वासन मिलता है कि कर्मचारी भेजे जा रहे हैं, लेकिन कोई नहीं आता। उनका कहना है कि कर्मचारी और कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों की कमी बताकर जिम्मेदारी से बचा जा रहा है। दो दिन से नहीं उठा कूड़ा जवाहर नगर निवासी पुनीत चित्रांशी ने बताया कि दीपावली के दो दिन बाद भी जगह-जगह कूड़ा फैला हुआ है। सफाई कर्मचारी दिखाई नहीं दे रहे हैं। घर के सामने कूड़े का ढेर लगा होने से लोगों को परेशानी हो रही है। रिश्तेदार भी आते हैं तो शहर की सफाई व्यवस्था देखकर नाराजगी जताते हैं। वहीं, किदवई नगर निवासी कमल गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र में नियमित सफाई नहीं हो रही है। कई जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। कोई अधिकारी भी मौके पर नजर नहीं आता। लोगों की शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। 15 नवंबर से निजी कंपनियां संभालेंगी सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम अधिकारियों का दावा है कि 15 नवंबर से शहर की सफाई व्यवस्था में बदलाव दिखाई देने लगेगा। सभी छह जोन की सफाई व्यवस्था निजी कंपनियों को सौंपने की तैयारी है। नई व्यवस्था में सड़कों पर झाड़ू लगाने, नालियों की सफाई, घर-घर से कूड़ा उठाने और उसके निस्तारण की जिम्मेदारी कंपनियों की होगी। इसके लिए जोन-1 और 2 में हैदराबाद की एसआर कंस्ट्रक्शन, जोन-3 और 5 में लखनऊ की लॉयन सिक्योरिटी तथा जोन-4 और 6 में गाजियाबाद की जेएस इन्वायरो का चयन किया गया है। अधिकारियों को उम्मीद है कि निजी कंपनियों के आने से सफाई व्यवस्था की निगरानी बेहतर होगी। कूड़ा उठान में तेजी आएगी और नियमित सफाई सुनिश्चित की जा सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)