गोवर्धन पूजा व अन्य त्यौहार पर चेकिंग अभियान चला:मंदिरों, बाजारों और रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने जांच की
मथुरा में गोवर्धन पूजा और अन्य त्योहारों के मद्देनजर मंगलवार को मथुरा में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन में जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों, मंदिरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान स्थानीय पुलिस के साथ एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) और एंटी सबोटाज चेक टीमों को भी मैदान में उतारा गया। अभियान के तहत थाना गोवर्धन क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध दानघाटी मंदिर, मानसी गंगा मंदिर, बस स्टैंड और परिक्रमा मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की सघन जांच की गई। पुलिस टीमों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही थाना वृंदावन क्षेत्र में ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर, इस्कॉन मंदिर, प्रेम मंदिर, माता वैष्णो देवी मंदिर और चारधाम छटीकरा में भी चेकिंग अभियान चलाया गया। वहीं बीडीडीएस (बम निरोधक एवं पहचान दस्ते) की टीम ने भी शहर के संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष जांच की। टीम ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि, पुराना बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, द्वारकाधीश मंदिर, पोतरा कुंड, होली गेट और शाही ईदगाह मस्जिद परिसर को विधिवत चेक किया। इस दौरान संदिग्ध वस्तुओं की तलाश के साथ सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को परखा गया। त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और बाजारों में होने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। प्रमुख चौराहों, बाजारों, मंदिरों के आसपास और अन्य व्यस्त स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधीनस्थ कर्मचारियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रशासन के अनुसार जिले में सभी प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा रही है। वर्तमान में सभी स्थानों पर शांति और कानून व्यवस्था पूरी तरह कायम है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)