दिवाली के बाद भी प्रदूषित है प्रयागराज की हवा, AQI-356:दिन में निकलेगी धुंधली धूप, सुबह शाम बढ़ी ठंड
प्रयागराज में दिवाली पर हुई आतिशबाजी के बाद वायु प्रदूषण का असर अब भी बना हुआ है। बुधवार सुबह शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 356 दर्ज किया गया। यह बहुत खराब श्रेणी में आता है। सोमवार को AQI 500 के पार पहुंच गया था। इसके बाद प्रदूषण के स्तर में गिरावट जरूर आई है, लेकिन हवा अब भी सांस लेने के लिए साफ नहीं है। सुबह के समय शहर में धुंध और स्मॉग का असर दिखाई दे रहा है। हवा में मौजूद PM2.5 और PM10 के बारीक कण लोगों की सेहत पर असर डाल सकते हैं। इससे आंखों में जलन, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। आतिशबाजी के बाद बढ़ा प्रदूषण, हवा में घुले बारीक कण दिवाली की रात शहर में देर तक आतिशबाजी होती रही। पटाखों से निकले धुएं और जहरीले प्रदूषित कणों के कारण हवा की गुणवत्ता बिगड़ गई। इसका असर त्योहार के बाद भी दिखाई दे रहा है। बुधवार को भी प्रदूषण का स्तर काफी अधिक बना हुआ है। हवा में PM2.5 का स्तर 193 और PM10 का स्तर 225 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। प्रदूषण के कारण सुबह के समय धुंध और स्मॉग दिखाई दे रहा है। सुबह धुंधली धूप, दोपहर में बढ़ेगी गर्मी बुधवार सुबह प्रयागराज में धुंध वाली धूप देखने को मिली। दिन चढ़ने के साथ धूप तेज होने का अनुमान है। दोपहर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, धुंध के कारण आसमान पूरी तरह साफ नजर नहीं आएगा। शाम होते ही तापमान में गिरावट आने लगेगी और मौसम सुहावना हो सकता है। बारिश के आसार नहीं, रात में रहेगा हल्का ठंड का एहसास मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को प्रयागराज में बारिश की संभावना बेहद कम है। दिन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस होगी, जबकि दोपहर में धूप के कारण गर्मी का एहसास होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)