वन प्रहरी की हत्या में दो दोषियों की उम्रकैद बरकरार:हाईकोर्ट ने अपील खारिज की, दुधवा नेशनल पार्क में 40 साल पहले की थी हत्या
लखीमपुर के दुधवा नेशनल पार्क में वन प्रहरी रामकिशन की हत्या के करीब 40 साल पुराने मामले में हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने दो दोषियों की उम्रकैद की सजा बरकरार रखी है। अदालत ने चुगना और राम भरोसे की अपील खारिज कर दी। कोर्ट ने कहा कि न्यायमित्र वकील की सीमित जिरह से अपने आप निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार का उल्लंघन नहीं होता। 1986 में हुई थी वन प्रहरी की हत्या न्यायमूर्ति अब्दुल मोईन और न्यायमूर्ति प्रमोद कुमार श्रीवास्तव की खंडपीठ ने दोनों की 1989 में दाखिल आपराधिक अपील खारिज की। दोनों को 4 अक्टूबर 1986 को लखीमपुर खीरी के सिंगाही थाना क्षेत्र में वन प्रहरी रामकिशन की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। न्यायमित्र ने नहीं की थी पूरी जिरह अपील में चुगना ने कहा था कि आर्थिक तंगी के कारण अदालत ने उसकी पैरवी के लिए न्यायमित्र वकील नियुक्त किया था। आरोप लगाया कि वकील ने अभियोजन के कई अहम गवाहों से जिरह नहीं की। एक गवाह से भी केवल चार सामान्य सवाल पूछे। इससे उसे अपना बचाव करने का पूरा मौका नहीं मिला। उसने इसे संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार का उल्लंघन बताया। वास्तविक नुकसान साबित नहीं कर सका आरोपी हाईकोर्ट ने यह दलील स्वीकार नहीं की। अदालत ने पाया कि सह-अभियुक्त राम भरोसे के वकील ने गवाहों से विस्तार से सवाल किए थे। दोनों आरोपियों के बचाव से जुड़े मुख्य बिंदु भी एक जैसे थे। इनमें घटना का समय, जगह और हमलावरों की पहचान शामिल थी। कोर्ट ने कहा कि केवल सीमित जिरह के आधार पर पूरे मुकदमे को गलत नहीं माना जा सकता। आरोपी को यह साबित करना होगा कि इससे उसके बचाव को वास्तविक नुकसान हुआ। इस मामले में ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला। पेड़ काटते पकड़े जाने के बाद हुई थी रंजिश अभियोजन के मुताबिक, रामकिशन ने दुधवा नेशनल पार्क में चुगना, राम भरोसे और उनके साथी राजू कोरी को पेड़ काटते हुए पकड़ा था। तीनों के माफी मांगने पर उसने उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया था। अभियोजन का कहना था कि इसी रंजिश में बाद में रामकिशन की हत्या कर दी गई। मामले के दो चश्मदीद गवाह बाद में अपने बयान से मुकर गए थे। इसके बावजूद अदालत ने उनकी गवाही के उस हिस्से को माना, जो घटना की पुष्टि करता था। अपील लंबित रहने के दौरान तीसरे आरोपी राजू कोरी की पेड़ से गिरकर मौत हो गई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)