दोस्तों पर फायरिंग करने वाला दूसरा आरोपी वाराणसी से गिरफ्तार:स्कॉर्पियो सवार चार लोगों ने की थी कई राउंड फायरिंग, एनकाउंटर के डर से आरोपी सोशल मीडिया पर लाइव हुआ
लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार में चाय पीने के दौरान हुए विवाद में फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी शेखर कौशल को वाराणसी से गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस ने कुँवर सूर्यदेव सिंह उर्फ शिवा (निवासी खरेला, महोबा) को गिरफ्तार किया था। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। मूलरूप से बलिया निवासी उपेंद्र सिंह लखनऊ में कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं। उनके दोस्त प्रशांत सिंह ने बताया कि सोमवार शाम करीब 5 बजे उपेंद्र अपने दोस्त अमित सिंह के साथ सेक्टर-1 स्थित ग्रीनवुड अपार्टमेंट के पास मान सिंह यादव की चाय की दुकान पर गए थे। दोनों चाय पीने के बाद पैसे का हिसाब कर रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो-एन सवार चार लोग पहुंचे और गाली देते हुए चाय मांगने लगे। उपेंद्र और अमित ने गाली देने का विरोध किया और पहले अपना हिसाब पूरा करने के बाद चाय लेने की बात कही। इस पर आरोपी उनसे भी गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर एक आरोपी ने गाड़ी से पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान पिस्टल गिर गई तो आरोपियों ने गाड़ी से दूसरी पिस्टल निकाल ली और उससे भी कई राउंड फायर किए। अचानक हुई फायरिंग से दुकान के आसपास अफरा-तफरी मच गई। हालांकि उपेंद्र और अमित बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। एनकाउंटर के डर से सोशल मीडिया पर लाइव हुआ आरोपी शेखर कौशल को गिरफ्तार करने वाराणसी पहुंची पुलिस टीम को देखकर आरोपी सोशल मीडिया पर लाइव हो गया। वीडियो में उसके हाथ में चोट दिखाई दे रही है। वह चिल्लाते हुए अपनी बात कह रहा है। आरोपी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस वीडियो से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)