सरकार साजिद के दोनों बेटों की पढ़ाई का खर्च उठाएगी:आग से पत्नी और दो बेटियों की मौत के बाद प्रशासन ने दस्तावेज पूरे कराए

Nov 22, 2026 - 08:14
0
सरकार साजिद के दोनों बेटों की पढ़ाई का खर्च उठाएगी:आग से पत्नी और दो बेटियों की मौत के बाद प्रशासन ने दस्तावेज पूरे कराए
बाबरी के कैड़ी गांव में अग्निकांड के दौरान पत्नी और दो बेटियों को खोने वाले साजिद के परिवार को प्रशासन की ओर से राहत देने की पहल की गई है। सरकार अब उनके दोनों बेटों रेहान और अशरफ की पढ़ाई का खर्च उठाएगी। शनिवार को समाज कल्याण विभाग के अधिकारी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। अधिकारियों ने दोनों बच्चों की शिक्षा से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी मौके पर पूरे कराए, ताकि उन्हें सरकारी योजना के तहत सहायता का लाभ दिलाया जा सके। जिलाधिकारी प्रवीण वर्मा ने परिवार को आश्वस्त किया कि दोनों बच्चों की पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। उनकी शिक्षा और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार की ओर से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। अग्निकांड में पत्नी शाहिदा और दो बेटियों की मौत के बाद परिवार के सामने बच्चों के भविष्य और पालन-पोषण की चिंता खड़ी हो गई थी। प्रशासन की इस पहल से परिजनों को कुछ संबल मिला है। उधर, हादसे के बाद परिवार में छाया मातम दूसरे दिन भी जारी रहा। रिश्तेदारों, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के पहुंचने का सिलसिला लगा रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को कम से कम 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र ताना ने भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर सांत्वना दी। वहीं, नकुड़ में साजिद के चचेरे भाई राव जाकिर हसन के मामा अब्दुल हमीद का बीमारी के चलते इंतकाल होने की सूचना पर साजिद परिजनों के साथ नकुड़ रवाना हो गए। हर संभव कराई जाएगी मदद : सुरेश राणा पूर्व मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि पीड़ित परिवार की हर संभव मदद कराई जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा शासन स्तर पर भी बात की गई है, ताकि परिवार को उचित आर्थिक सहायता मिल सके। यह है पूरा मामला बुधवार देर रात करीब 12 बजे कैड़ी गांव निवासी साजिद के मकान के आगे वाले कमरे में अचानक आग लग गई थी। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के बाद गैस लीकेज से आग लगने की बात सामने आई थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User