गौवध कांड में पुलिस का बड़ा एक्शन:गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर झोंका फायर, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी
कानपुर के थाना रेलबाजार के फेथफुलगंज स्थित आजाद पार्क में गौवध की घटना के आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। भाई एहतिशाम कुरैशी को जेल भेजने के बाद रविवार सुबह 8 बजे पुलिस ने दूसरे आरोपी मुजम्मिल कुरैशी उर्फ मीम को मुठभेड़ में दबोच लिया। शिवनारायण टंडन पुल के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी और वह सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस ने घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया है। डीसीपी पूर्व सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि, रविवार सुबह रेलबाजार पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान फेथफुलगंज गौवध कांड में वांछित मुजम्मिल की लोकेशन शिवनारायण टंडन पुल के पास मिली। वह कहीं भागने की फिराक में था। सूचना पर कैंट और रेलबाजार पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस को सामने देखकर आरोपी भागने लगा। खुद को घिरता देख उसने तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो उसके बाएं पैर में जा लगी। गोली लगते ही आरोपी सड़क पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक मोबाइल, 60 रुपये और मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में मुजम्मिल ने अपने भाई एहतिशाम के साथ मिलकर 17/18 नवंबर की रात आजाद पार्क के पास गौकशी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। गौरतलब है कि, 18 सितंबर को रेलबाजार क्षेत्र के आजाद पार्क में गौवध की घटना के बाद इलाके में तनाव और हिंदू संगठनों के विरोध के बीच यश शुक्ला की तहरीर पर रेलबाजार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। शनिवार को आरोपियों पर शिकंजा कशते हुए, पुलिस ने एहतिशाम कुरैशी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब उसके भाई मुजम्मिल की गिरफ्तारी और मुठभेड़ ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है। घायल का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। उपचार के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)