दूध पचाने में हिमालय के लोग निकले सबसे खास:भारतीय वैज्ञानिकों ने खोजे DNA के 3 अनोखे म्यूटेशन,बीएचयू समेत छह संस्थानों के 13 वैज्ञानिकों का बड़ा शोध

Nov 13, 2026 - 18:22
0
दूध पचाने में हिमालय के लोग निकले सबसे खास:भारतीय वैज्ञानिकों ने खोजे DNA के 3 अनोखे म्यूटेशन,बीएचयू समेत छह संस्थानों के 13 वैज्ञानिकों का बड़ा शोध
दूध पीने के बाद किसी को पेट में परेशानी होती है तो कोई आसानी से दूध और डेयरी उत्पादों को पचा लेता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसके पीछे सिर्फ खान-पान की आदत नहीं, बल्कि हजारों साल पुराना आनुवंशिक इतिहास भी छिपा हो सकता है? भारतीय वैज्ञानिकों ने हिमालयी आबादी के डीएनए में ऐसा ही एक अनोखा राज खोज निकाला है, जिसने दूध पचाने की क्षमता को लेकर नई वैज्ञानिक बहस के दरवाजे खोल दिए हैं। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) समेत देश के छह संस्थानों के 13 वैज्ञानिकों के संयुक्त अध्ययन में भारतीय हिमालयी और उससे जुड़ी आबादी में लैक्टोज पचाने की क्षमता से संबंधित तीन ऐसे आनुवंशिक वेरिएंट्स की पहचान की गई है, जो भारतीय आबादी में पहली बार दर्ज किए गए हैं। यानी हिमालय के लोगों के शरीर में दूध पचाने की क्षमता का एक अलग ही जेनेटिक इतिहास मौजूद है। हजारों साल की डेयरी परंपरा ने बदला DNA का पैटर्न शोध में भूटिया, तामांग, शेरपा और तिब्बती मूल के अन्य समुदायों को विशेष रूप से अध्ययन में शामिल किया गया। ये समुदाय सदियों से पशुपालन और दूध से बने पारंपरिक खाद्य पदार्थों के सेवन से जुड़े रहे हैं। वैज्ञानिकों को इनके आनुवंशिक नमूनों में यूरोप और भारतीय मैदानी क्षेत्रों में पाए जाने वाले पारंपरिक वेरिएंट के साथ तिब्बती पठार में मिलने वाला प्रमुख वेरिएंट भी मिला। शोधकर्ताओं के मुताबिक, कठोर हिमालयी जलवायु में जीवनयापन और पोषण की जरूरतों के बीच इन समुदायों की खान-पान की परंपराओं ने लंबे समय में आनुवंशिक अनुकूलन की प्रक्रिया को प्रभावित किया। विज्ञान में इसे कन्वर्जेंट इवोल्यूशन और सांस्कृतिक-आनुवंशिक सह-विकास के नजरिये से समझा जाता है। मैदानी भारत से अलग क्यों है हिमालयी लोगों का जेनेटिक प्रोफाइल? इस शोध में वैज्ञानिकों ने इंडो-यूरोपीय, द्रविड़, आस्ट्रोएशियाटिक और तिब्बती-बर्मी भाषाई समूहों के आनुवंशिक आंकड़ों का तुलनात्मक अध्ययन किया। इसमें सामने आया कि हिमालयी आबादी का आनुवंशिक प्रोफाइल कई मामलों में तिब्बती मूल की आबादी के अधिक करीब है। इससे हिमालयी क्षेत्रों में मानव प्रवास, खान-पान और पीढ़ियों से चले आ रहे जैविक बदलावों को समझने का नया रास्ता मिला है। बीएचयू के वैज्ञानिकों ने बताया क्यों अहम है यह खोज कलकत्ता विश्वविद्यालय के प्राणी विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राकेश तमांग ने अध्ययन के निष्कर्षों को हिमालयी समुदायों के पारंपरिक जीवन और आनुवंशिक इतिहास को समझने के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। शोध की प्रथम लेखिका शप्तपर्णी डे के अनुसार, लंबे समय तक दूध और डेयरी उत्पादों पर निर्भरता तथा स्थानीय परिस्थितियों के साथ सांस्कृतिक अनुकूलन ने इन समुदायों के विकास में अहम भूमिका निभाई। बीएचयू के सेंटर फॉर जेनेटिक डिसऑर्डर की वैज्ञानिक डॉ. चंदना बसु ने कहा कि यह शोध दक्षिण एशिया में दूध और लैक्टोज सहनशीलता की उत्पत्ति के साथ प्राचीन मानव प्रवास और ऐतिहासिक व्यापार मार्गों को समझने में भी मददगार होगा। वहीं, बीएचयू के जीन विज्ञानी प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे ने बताया कि आगे व्यापक जीनोम सीक्वेंसिंग और क्लिनिकल अध्ययन के जरिए इन आनुवंशिक बदलावों की कार्यप्रणाली को और गहराई से समझने की योजना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User