दवा लेने के बहाने रिश्तेदार का पड़ोसी बाइक ले भागा:श्रावस्ती मे परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा, पुलिस शिकायत के बाद भी नहीं मिला बाइक का सुराग
श्रावस्ती। हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के इटहिया गांव में दवा लेने के बहाने बाइक लेकर गया एक रिश्तेदार का पड़ोसी दो महीने 14 दिन बाद भी वापस नहीं लौटा। परिवार का आरोप है कि बाइक लेकर जाने के बाद युवक पत्नी और बच्चों के साथ घर से फरार हो गया। बृहस्पतिवार सुबह 10:00 बजे पीड़ित परिवार ने बताया कि 9 अगस्त को पुलिस से शिकायत करने के बावजूद अब तक बाइक का पता नहीं चल सका है। मेहनत की कमाई से खरीदी गई बाइक वापस पाने के लिए परिवार लगातार भटक रहा है। इटहिया गांव निवासी रानी के मुताबिक, 8 अगस्त की शाम करीब सात बजे मल्हीपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर सेमरहनिया निवासी रमेश कुमार उनके घर पहुंचा। वह उनके रिश्तेदार का पड़ोसी है। रमेश ने दवा लेने जाने की बात कहकर हीरो एचएफ डीलक्स बाइक मांगी। परिचित होने के कारण परिवार ने भरोसा करके उसे बाइक दे दी, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। अगले दिन परिवार के लोग रमेश के घर पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि वह उसी रात पत्नी और बच्चों के साथ बाइक लेकर कहीं चला गया। फोन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसका नंबर बंद मिला। इसके बाद परिवार ने 9 अगस्त को हरदत्त नगर गिरंट थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। परिवार के मुखिया होटल में काम करके घर का खर्च चलाते हैं। काफी मेहनत और पैसे जोड़कर बाइक खरीदी थी। बाइक नहीं होने से रोजमर्रा के कामकाज और आने-जाने में परेशानी हो रही है। परिवार का कहना है कि आर्थिक तंगी के कारण दूसरी बाइक खरीदना भी संभव नहीं है। परिवार के मुताबिक, काफी तलाश के बाद भी न बाइक का पता चला। परिवार बाइक की तलाश में लगातार भटक रहा है, लेकिन अब तक कोई राहत नहीं मिली।पीड़ित परिवार ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से मामले में गंभीरता से कार्रवाई करते हुए बाइक बरामद कराने और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)