एंटी-रॉयट गन से फायर न कर पाने की बात गलत:जालौन में एसपी बोले- सिपाही ने लॉक नहीं खोला, सिर्फ रबर पैलेट दिया
कोतवाली जालौन के निरीक्षण के दौरान चौकी प्रभारी विनीत सिंह के एंटी-रॉयट गन से फायर न कर पाने और सिपाही के बंदूक का लॉक खोलने की खबर सोशल मीडिया पर वायरल हुई। जालौन के एसपी सुरेश चंद्र रावत ने इसका खंडन किया और खबर को भ्रामक बताया। जालौन पुलिस ने शुक्रवार रात 1:15 बजे जारी प्रेस नोट में बताया कि पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत कोतवाली जालौन का निरीक्षण कर रहे थे। इस दौरान दंगा नियंत्रण उपकरणों यानी एंटी-रॉयट गन की जांच की गई। पुलिस के मुताबिक, चौकी प्रभारी विनीत कुमार सिंह ने पहले चरण में ब्लैंक कारतूस लगाकर शस्त्र का परीक्षण किया। इसके बाद रबर पैलेट लगाकर सफलतापूर्वक फायर किया गया। पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो में दिख रहे आरक्षी ने तय प्रक्रिया के तहत सिर्फ रबर पैलेट दिया था। उसने बंदूक का लॉक नहीं खोला था। पुलिस के अनुसार, कस्बा जालौन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनीत सिंह एंटी-रॉयट गन समेत सभी तरह के शस्त्र चलाने और अपने पद की जिम्मेदारियां निभाने के लिए प्रशिक्षित हैं। जालौन पुलिस ने आम लोगों और मीडिया से अपील की है कि खबर प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता जांचें। पुलिस ने बिना तथ्यों की पुष्टि किए भ्रामक खबरें प्रसारित करने से बचने को कहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)