FMGE के फर्जी सर्टिफिकेट बनाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार:अब तक 5 गिरफ्तार, 20 से अधिक लोगों को फर्जी प्रमाणपत्र देने का आरोप
बुलंदशहर के स्याना में अस्पताल चलाने वाले एक व्यक्ति पर विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट्स को फर्जी FMGE सर्टिफिकेट बनाकर देने का आरोप है। मुंबई पुलिस की नोडल साइबर टीम ने इस अंतरराज्यीय गिरोह के मुख्य तकनीकी संचालक समेत दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। परीक्षा और प्रमाणन पोर्टल तक बनाई अनधिकृत पहुंच गिरफ्तार आरोपियों में बुलंदशहर के स्याना निवासी 31 वर्षीय शिवम राकेश सिंह और मध्य प्रदेश के भोपाल निवासी 29 वर्षीय धर्मेंद्र लक्ष्मण सिंह शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, एमबीए डिग्री धारक शिवम स्याना कस्बे में अपना अस्पताल चलाता है। उसने गिरोह में मुख्य तकनीकी संचालक की भूमिका निभाई और कथित तौर पर परीक्षा व प्रमाणन पोर्टल तक अनधिकृत पहुंच बनाई। आरोप है कि उसने अब तक 20 से अधिक उम्मीदवारों को फर्जी FMGE सर्टिफिकेट बनाकर दिए। परीक्षा पास किए बिना कराया मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण मामला उन विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट्स से जुड़ा है, जिन्होंने नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) की अनिवार्य फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (FMGE) परीक्षा पास नहीं की थी। इसके बावजूद आरोपियों ने उनके फर्जी प्रमाणपत्र और दस्तावेज तैयार किए। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर उम्मीदवारों का महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल (MMC) में पंजीकरण कराया गया। MMC की ओर से दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान संदिग्ध गड़बड़ियां सामने आईं। इसके बाद नोडल साइबर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई। पहले दो डॉक्टरों और एक बिचौलिये की हुई थी गिरफ्तारी जांच के शुरुआती चरण में पुलिस ने दो लाभार्थी डॉक्टरों और एक बिचौलिये को गिरफ्तार किया था। इसके बाद तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस गिरोह के मुख्य तकनीकी संचालक शिवम तक पहुंची। अब तक इस मामले में कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। बुलंदशहर के एसपी सिटी अभिषेक प्रताप और सीएमओ डॉ. सुनील दोहरे ने बताया कि यह मामला मुंबई साइबर पुलिस की कार्रवाई से जुड़ा है। इसकी विस्तृत जांच मुंबई पुलिस कर रही है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और कथित तौर पर फर्जी प्रमाणपत्रों का लाभ उठाने वाले लोगों की तलाश में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)