लखनऊ में 14 दिवसीय उत्तराखंड महोत्सव शुरू:पहले दिन 11 टीमों ने हिस्सा लिया, राज्य की 26 साल की यात्रा पर वाद-विवाद प्रतियोगिता हुई
लखनऊ में सोमवार को उत्तराखंड महोत्सव की शुरुआत हुई। पं. गोविंद बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन में 14 दिनों तक यह महोत्सव चलेगा। इसमें उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक सरोकारों पर चर्चा होगी। पहले दिन उत्तराखंड राज्य की 26 वर्ष की यात्रा और उसकी दशा-दिशा में बदलाव पर वाद-विवाद प्रतियोगिता हुई। इसमें 11 टीमों ने हिस्सा लेकर अपने विचार रखे। महोत्सव के पहले दिन महापरिषद के पदाधिकारियों, सदस्यों और गणमान्य लोगों ने विधिवत पूजा-अर्चना की। राज्य की उपलब्धियों और चुनौतियों पर रखे विचार शाम चार बजे से आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्तराखंड राज्य की दशा और दिशा में बदलाव विषय पर प्रतिभागियों ने पक्ष और विपक्ष में तर्क प्रस्तुत किए। विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक संगठनों की 11 टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने राज्य के विकास, उपलब्धियों और चुनौतियों पर अपने विचार रखे। पक्ष में महेंद्र सिंह गैलाकोटी ने प्रथम, फकीरा सिंह चौहान ने द्वितीय, कैलाश सिंह ने तृतीय और केएस चुफाल ने चतुर्थ स्थान हासिल किया। वहीं विपक्ष में कर्णिका तिवारी प्रथम,धन सिंह मेहता अनजान द्वितीय, प्रियंका बिष्ट तृतीय और भूमिका चौहान चतुर्थ स्थान पर रहीं। प्रतिभागियों को किया सम्मानित प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. चंद्र मोहन नौटियाल, संजय काला और ललित सिंह पोखरियाल शामिल रहे।महापरिषद के पदाधिकारियों ने निर्णायकों को पुष्पगुच्छ और शाल भेंटकर सम्मानित किया। महापरिषद के संयोजक दीवान सिंह अधिकारी और अध्यक्ष हरीश चंद्र पंत ने विजेताओं को प्रतीक चिह्न भेंट किए। साथ ही सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके योगदान के लिए आभार जताया। खान-पान प्रतियोगिता और भजन संध्या महोत्सव के दूसरे दिन दोपहर दो बजे से लाइव खान-पान प्रतियोगिता होगी। इसमें महिलाएं महोत्सव स्थल पर उत्तराखंड के पारंपरिक और स्वादिष्ट व्यंजन तैयार करेंगी।शाम छह बजे से रेडियो जॉकी प्रतीक के नेतृत्व में उनके दल की ओर से भजन संध्या और रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी। महोत्सव में अगले 14 दिनों तक उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और लोक कलाओं से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)