गैंगस्टर एक्ट के तीन दोषियों को 3-3 साल की सजा:महोबा में चोरी के दोषी को जेल में बिताई अवधि और 20 हजार जुर्माना लगाया
महोबा पुलिस के ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान को बड़ी सफलता मिली है। न्यायालय ने गैंगस्टर एक्ट के तीन आरोपियों को तीन-तीन साल के सश्रम कारावास और पांच-पांच हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। वहीं, चोरी के एक अन्य मामले में दोषी को जेल में बिताई गई अवधि और 20 हजार रुपये जुर्माने की सजा दी गई है। पुलिस और अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी के चलते दोनों मामलों में आरोपियों को सजा हुई है। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत महोबा पुलिस और अभियोजन पक्ष लगातार अपराधियों को सजा दिलाने के लिए पैरवी कर रहे हैं। एसपी शशांक सिंह के मार्गदर्शन में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ न्यायालय में प्रभावी पैरवी की जा रही है। इसी क्रम में न्यायालय ने दो अलग-अलग मामलों में फैसला सुनाया है। 2014 के गैंगस्टर एक्ट के मामले में तीन दोषियों को सजा पुलिस मीडिया सेल की ओर से शनिवार शाम करीब 6:30 बजे दी गई जानकारी के मुताबिक, पहला मामला चरखारी थाना क्षेत्र का है। वर्ष 2014 में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में एफटीसी न्यायालय ने हमीरपुर जिले के निवासी तीन आरोपियों बृजेन्द्र विश्वकर्मा, प्रिंस और धर्मेन्द्र राजपूत को दोषी करार दिया। अदालत ने तीनों को तीन-तीन साल के सश्रम कारावास और पांच-पांच हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। इस मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह यादव ने की थी। वहीं, लोक अभियोजक तेज प्रताप पचौरी और पैरोकार बलजीत सिंह की प्रभावी पैरवी से आरोपियों को सजा दिलाने में सफलता मिली। चोरी के मामले में दोषी को 20 हजार का जुर्माना दूसरा मामला खरेला थाना क्षेत्र का है। वर्ष 2005 में दर्ज चोरी के मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट चरखारी ने फतेहपुर जिले के निवासी आरोपी नीरज गुप्ता को दोषी ठहराया। अदालत ने उसे जेल में बिताई गई अवधि और 20 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। इस मामले की विवेचना एसआई पर्वत सिंह ने की थी। लोक अभियोजक मनीष कुमार और पैरोकार शील कुमार की प्रभावी पैरवी से आरोपी को सजा दिलाई गई। महोबा पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत मामलों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना और न्यायालय में प्रभावी पैरवी जारी है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों को सजा दिलाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)