गांव-गांव गूंज रहा संदीप सिंह की सगाई का न्योता:अतरौली क्षेत्र में लाउडस्पीकर लगी गाड़ियों से पिता राजवीर सिंह की अपील, कल तालानगरी में जुटेंगे सियासी दिग्गज
तालानगरी में शनिवार को होने वाले बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा के सगाई समारोह का न्योता अब गांव-गांव गूंज रहा है। अतरौली विधानसभा क्षेत्र में लाउडस्पीकर लगी गाड़ियां घूम रही हैं। इन गाड़ियों पर पूर्व सांसद एटा राजवीर सिंह राजू की रिकॉर्डेड आवाज में लोगों को समारोह का निमंत्रण दिया जा रहा है। वहीं, संदीप सिंह की रिकॉर्डेड आवाज में भी लोगों से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की जा रही है। गाड़ियों पर बज रहा दोनों बेटों की सगाई का न्योता गांवों में घूम रहीं इन गाड़ियों पर बज रहे ऑडियो में संदीप सिंह लोगों से कह रहे हैं कि उनके दोनों बेटों का एक साथ सगाई समारोह आयोजित हो रहा है। इसके लिए तालानगरी में सभी लोग सादर आमंत्रित हैं। पिता राजवीर सिंह राजू की आवाज में भी लोगों से न्योता स्वीकार कर समारोह में पहुंचने की अपील की जा रही है। इसके अलावा कार्यकर्ता भी घर-घर जाकर लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं। प्रधान, पूर्व प्रधान, बीडीसी, पूर्व जनप्रतिनिधि, शक्ति केंद्र संयोजक, प्रभारी और बूथ अध्यक्षों को निमंत्रण पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है। कई गांवों में नाई के जरिए न्योता भिजवाया जा रहा है तो कहीं मुनादी कराई जा रही है। निमंत्रण देने के साथ लोगों के नाम, मोबाइल नंबर और हस्ताक्षर लेकर रिसीव भी दर्ज की जा रही है। पूर्व मंत्री राजवीर सिंह राजू ने सोशल मीडिया पर भी लोगों से समारोह में पहुंचने की अपील की है। जगह-जगह होर्डिंग लगवाए गए हैं। समारोह को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। योगी का 20 मिनट का कार्यक्रम, मंत्रियों का लगेगा जमावड़ा समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, सीएम दोपहर 2:55 बजे मेरठ से राजकीय हेलिकॉप्टर से हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल के मैदान में बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से कार से समारोह स्थल जाएंगे। दोपहर 3:05 से 3:25 बजे तक कार्यक्रम में रहेंगे। इसके बाद 3:30 बजे हेलीपैड पहुंचेंगे और 3:35 बजे आगरा के लिए रवाना हो जाएंगे। यानी मुख्यमंत्री का अलीगढ़ में करीब 20 मिनट का प्रवास रहेगा। दोनों डिप्टी सीएम समेत कई मंत्रियों का कार्यक्रम * केशव प्रसाद मौर्य: दोपहर 12:15 बजे समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। * ब्रजेश पाठक: दोपहर 12:15 बजे तालानगरी पहुंचेंगे। 12:35 बजे सर्किट हाउस में भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। * डॉ. दिनेश शर्मा: अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल सुबह 10:30 बजे अलीगढ़ पहुंचेंगे। टिकराम कॉलोनी स्थित एसजेडी मेमोरियल पब्लिक स्कूल में पर्यावरण संरक्षण समिति के जलवायु परिवर्तन संवाद में शामिल होंगे। इसके बाद समारोह में पहुंचेंगे और फिर दिल्ली रवाना होंगे। * धर्मपाल सिंह: पशुपालन एवं डेयरी मंत्री दोपहर 2 बजे सर्किट हाउस में विभागीय बैठक करेंगे। इसके बाद 3:30 बजे समारोह में पहुंचेंगे। * जयवीर सिंह: पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री का दोपहर 3:30 बजे समारोह में पहुंचने का कार्यक्रम है। * मनोहर लाल (मन्नू कोरी): राज्यमंत्री श्रम एवं सेवायोजन दोपहर 3 बजे अलीगढ़ पहुंचेंगे और शाम 4 बजे समारोह में शामिल होंगे। रात में विश्राम के बाद 15 नवंबर को सुबह 11 बजे विभागीय समीक्षा बैठक करेंगे। * बेबी रानी मौर्य: मंत्री महिला कल्याण एवं बाल विकास शाम 4 बजे समारोह में शामिल होंगी। * रजनी तिवारी: राज्यमंत्री उच्च शिक्षा शाम 5 बजे समारोह में पहुंचेंगी। * प्रेम सिंह शाक्य: सभापति यूपीआरएनएसएस दोपहर 2:30 बजे समारोह स्थल पहुंचेंगे। राज्यपाल और दो राज्यों के संवैधानिक प्रमुखों के आने की चर्चा समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार के भी पहुंचने की चर्चा है। हालांकि, इनके कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन को इनके आगमन से संबंधित कार्यक्रम का इंतजार है। देर रात तक इनके कार्यक्रम जारी होने की संभावना है। सेंट फिदेलिस स्कूल मैदान में डीएम-एसएसपी ने फोर्स को किया ब्रीफ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों और वीवीआईपी के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शुक्रवार को डीएम अविनाश कुमार और एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने सेंट फिदेलिस स्कूल मैदान में पुलिस, प्रशासनिक और अन्य विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी शनिवार सुबह 8 बजे से शुरू होगी। उन्हें समय से अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को आमंत्रित अतिथियों और आमजन के साथ शालीन व्यवहार रखने को भी कहा गया है। पांच द्वार से प्रवेश, अलग-अलग जगह पार्किंग समारोह स्थल पर प्रवेश और निकास के लिए पांच द्वार निर्धारित किए गए हैं। वीवीआईपी पासधारकों के वाहनों की पार्किंग कार्यक्रम स्थल के अंदर होगी। शहर की ओर से आने वाले लोगों के लिए कलश बैंक्वेट हॉल के सामने पार्किंग बनाई गई है। अतरौली की तरफ से आने वाले वाहनों को ट्राइडेंट स्कूल, दीनदयाल उपाध्याय स्कूल समेत अन्य निर्धारित स्थानों पर पार्क कराया जाएगा। पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए क्रेन और मैकेनिक की भी उपलब्धता रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि रास्ते में वाहन खराब होने पर जाम न लगे। कार्यक्रम स्थल पर उद्घोषणा प्रणाली चालू रखने और अग्निशमन व विद्युत सुरक्षा के सभी प्रमाणपत्र पूरे करने को कहा गया है। सेफ हाउस और अस्पताल भी अलर्ट पर डीएम और एसएसपी ने सेफ हाउस और सेफ हॉस्पिटल में सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी रहेगी। एसएसपी ने निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों को वायरलेस सेट से लगातार संपर्क बनाए रखने और अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों की ड्यूटी पर नजर रखने को कहा है। ब्रीफिंग के बाद दोनों अधिकारियों ने समारोह स्थल का निरीक्षण कर प्रवेश-निकास, पार्किंग, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। इस दौरान एडीएम सिटी संगीता देवी, एसपी सिटी, एसपी देहात, एसपी यातायात, एएसपी सृष्टि जैन समेत पुलिस और प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)