घर में मृत मिली तीन बेटियों की मां:शामली में घर की दूसरी मंजिल पर मिला शव, पति एमपी में नौकरी करता है
शामली के थानाभवन नगर की अस्पताल कॉलोनी में शनिवार सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में मिला। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। फोन नहीं उठाने पर दोस्त को घर भेजा मृतका की पहचान रूपा (30) पत्नी मोहित के रूप में हुई है। शनिवार सुबह करीब 9 बजे वह घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में मृत मिली। बताया गया कि रूपा के फोन नहीं उठाने पर पति मोहित ने अपने एक दोस्त को घर जाकर पता करने के लिए भेजा था। इसके बाद परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह मृत अवस्था में मिली। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आठ साल पहले हुई थी शादी रूपा मूल रूप से बिहार के पटना की रहने वाली थी। करीब आठ साल पहले उसकी शादी थानाभवन निवासी मोहित से हुई थी। उसकी तीन बेटियां काजल (5), नैना (3) और खुशी (1) हैं। घटना के समय तीनों बेटियां घर में सो रही थीं। परिवार के सभी सदस्य करते हैं मजदूरी मृतका के चचेरे देवर राजू ने बताया कि सास राजवीरी खेतों में मजदूरी करने गई थीं। पति मोहित मध्यप्रदेश में एक कोल्हू पर काम करने गया हुआ है। वहीं, देवर, देवरानी और ससुर महक सिंह मुजफ्फरनगर में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर रहे हैं। परिवार के सभी सदस्य मजदूरी करके गुजारा करते हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)