शादी का झांसा देकर दीपक बनकर युवती से बनाए संबंध:मेरठ में एसएसपी ऑफिस पहुचकर युवती बोली-फैसल बना रहा धर्म बदलने का दबाव
मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने मुंडाली क्षेत्र के युवक पर पहचान छिपाकर दोस्ती करने और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि युवक ने खुद को दीपक बताकर उससे दोस्ती की थी। करीब एक साल बाद उसकी असली पहचान फैसल के रूप में सामने आई। इसके बाद जब युवती ने शादी करने की बात कही तो आरोपी ने शादी के लिए इस्लाम धर्म कबूल करने की शर्त रख दी। युवती ने धर्म परिवर्तन से इनकार किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। शनिवार को पीड़िता एसएसपी कार्यालय पहुंची और अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। दरअसल, नौचंदी थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी युवती शनिवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची। यहां उसने अधिकारियों को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात मुंडाली थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक से हुई थी। युवक ने अपना नाम दीपक बताया और धीरे-धीरे उससे दोस्ती कर ली। युवती का आरोप है कि इस दौरान युवक ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। युवती के मुताबिक, करीब एक साल बाद उसे युवक की असली पहचान फैसल के रूप में पता चली। इसके बाद उसने फैसल से शादी करने की बात कही तो उसने इनकार कर दिया। आरोप है कि फैसल ने कहा कि अगर उसे शादी करनी है तो पहले हिंदू धर्म छोड़कर इस्लाम धर्म कबूल करना होगा। युवती ने धर्म परिवर्तन करने से साफ इनकार कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। इससे डरी हुई युवती शनिवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची और अधिकारियों को अपनी आपबीती सुनाई। उसने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई। पहले से दर्ज है मुकदमा मामले में नौचंदी थाना प्रभारी अरुण भाटी ने बताया कि युवक के खिलाफ पहले से मुकदमा दर्ज है। युवती की ओर से लगाए गए नए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)