खुले नाले में गिरी दमकलकर्मी की बाइक, कूदकर बचाई जान:5 महीने से खुला पड़ा है नाला, 3 महीने पहले बाप-बेटी भी हुए थे घायल
हमीरपुर में शहर के आदर्श नगर मोहल्ले में बुधवार शाम करीब 6 बजे खुले नाले में बाइक गिर गई। बाइक सवार दमकलकर्मी धर्मेंद्र कुमार ने कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने रस्सी की मदद से बाइक को नाले से बाहर निकाला। आटा खरीदने निकले थे दमकलकर्मी धर्मेंद्र कुमार बुधवार शाम करीब 6 बजे घर से आटा खरीदने के लिए निकले थे। वार्ड नंबर चार स्थित आदर्श नगर में नाले के पास पहुंचते ही उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक नाले में गिरने लगी तो धर्मेंद्र उछलकर सड़क पर जा गिरे। इससे उनकी जान बच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और रस्सी की मदद से बाइक बाहर निकाली। पांच महीने से खुला पड़ा है नाला स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब पांच महीने पहले नाले की सफाई के नाम पर उसे तोड़ दिया गया था। इसके बाद न तो सफाई का काम पूरा कराया गया और न ही नाले को दोबारा ढका गया। खुले नाले से यहां हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। 3 महीने पहले बाप-बेटी भी हुए थे घायल लोगों ने बताया कि करीब तीन महीने पहले इसी नाले में गिरकर पिता-पुत्री घायल हो गए थे। मवेशी भी आए दिन नाले में गिरते रहते हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग ने नाले को ढकने की व्यवस्था नहीं की। लगातार हादसों की आशंका से मोहल्ले के लोगों में नाराजगी है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से नाले की सफाई कराने, उसे तत्काल ढकवाने और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)