AMUSU:आठ साल बाद कल वोटों का महासंग्राम:20 हजार छात्र मतदाता चुनेंगे अपना अगुवा; लॉबियों में आर-पार की जंग

Nov 04, 2026 - 19:44
0
AMUSU:आठ साल बाद कल वोटों का महासंग्राम:20 हजार छात्र मतदाता चुनेंगे अपना अगुवा; लॉबियों में आर-पार की जंग
आठ साल का इंतजार खत्म। एएमयू में गुरुवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए वोटों की बारिश होगी। करीब 20 हजार मतदाता अपने वोट से छात्र राजनीति का नया चेहरा चुनेंगे। अध्यक्ष पद के नौ, उपाध्यक्ष के सात और सचिव पद के तीन दावेदारों की किस्मत का फैसला होगा। कैबिनेट के 10 पदों के लिए 46 और 11 फैकल्टी के कोर्ट मेंबर के लिए 67 प्रत्याशी मैदान में हैं। आठ साल बाद हो रहे इस चुनाव में मुकाबला सिर्फ प्रत्याशियों के बीच नहीं, बल्कि क्षेत्रीय लॉबियों के शक्ति प्रदर्शन का भी बन गया है। बुधवार को प्रचार का शोर भले ही थम गया, लेकिन कैंपस में चुनावी सरगर्मी कम नहीं हुई। दिनभर निर्वाचन कार्यालय की टीम मतदान की तैयारियों में जुटी रही तो दूसरी तरफ प्रत्याशियों के समर्थक आखिरी वक्त तक वोटों का गणित बिठाते रहे। कहीं बंद कमरों में बैठकें हुईं तो कहीं व्यक्तिगत संपर्क के जरिए वोटरों को साधने की कोशिश चलती रही। अब सबकी निगाहें गुरुवार की सुबह पर हैं। अध्यक्ष पद : बिहार के चार दावेदार, पश्चिम यूपी से सीधी टक्कर अध्यक्ष पद का मुकाबला सबसे ज्यादा दिलचस्प हो गया है। यहां बिहार और पश्चिमी यूपी की लॉबी के बीच सीधा शक्ति प्रदर्शन दिखाई दे रहा है। बिहार से चार प्रत्याशी मैदान में हैं। ऐसे में बिहार के दावेदारों के बीच समर्थन का बंटवारा रोकने और कॉम्बिनेशन बनाने की कोशिश चल रही है। दूसरी तरफ पश्चिमी यूपी की लॉबी अपने समर्थन को एकजुट करने में जुटी है। बिहार के प्रत्याशियों की नजर पश्चिमी यूपी के वोटों पर भी है। अन्य लॉबियों से समर्थन मिलने की चर्चा भी चुनावी समीकरण को दिलचस्प बना रही है। वहीं पश्चिमी यूपी के प्रत्याशी भी दूसरे खेमों में सेंध लगाने की कोशिश कर रहे हैं। असली चुनौती अपने क्षेत्र के वोटों को एकजुट रखने के साथ दूसरे क्षेत्रों का समर्थन हासिल करने की है। सचिव पद : आजमगढ़ के प्रत्याशी के साथ पूर्वांचल, बिहार और पश्चिम पर भी नजर सचिव पद के तीन प्रत्याशियों के बीच भी क्षेत्रीय समीकरणों की जंग है। आजमगढ़ के प्रत्याशी के साथ पूर्वांचल का समर्थन दिखाई दे रहा है। अब उनके समर्थक बिहार और पश्चिमी यूपी में भी अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। दूसरी तरफ पश्चिमी यूपी के प्रत्याशी बिहार लॉबी का समर्थन हासिल करने में जुटे हैं। यानी सचिव पद की लड़ाई में भी बिहार और पश्चिम यूपी के समीकरण अहम हो गए हैं। तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबले में अलग-अलग क्षेत्रों से मिलने वाला समर्थन निर्णायक हो सकता है। उपाध्यक्ष पद : सात दावेदार, पूर्वांचल और पश्चिम यूपी के बीच जोरआजमाइश उपाध्यक्ष पद पर सात प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां भी पूर्वांचल और पश्चिमी यूपी की लॉबियां अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में समर्थन जुटाने में लगी हैं। क्षेत्रीय समीकरणों के साथ दूसरे खेमों के वोट हासिल करने की कोशिश हो रही है। तीनों प्रमुख पदों पर अलग-अलग लॉबियों की सक्रियता ने चुनाव को त्रिकोणीय और बहुकोणीय मुकाबलों में बदल दिया है। हिंदू वोटरों पर भी नजर, कोर्ट मेंबर के चुनाव में बन सकता है अहम समीकरण इस बार चुनावी गणित में हिंदू वोटरों का एक खेमा भी चर्चा के केंद्र में है। छात्रसंघ के प्रमुख पदों के प्रत्याशियों के समर्थक इस वर्ग के वोटरों को अपने पक्ष में जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। कोर्ट मेंबर के चुनाव में भी हिंदू छात्र प्रत्याशी मैदान में हैं। ऐसे में इस वर्ग का समर्थन किस तरफ जाएगा, इस पर अलग-अलग खेमों की नजर है। कई प्रत्याशियों के समर्थक अपने क्षेत्रीय समर्थन के अलावा दूसरे समुदायों और समूहों के वोटों को भी अपने पक्ष में लाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, किसे कितना समर्थन मिला है, इसका वास्तविक आंकड़ा मतदान के बाद ही सामने आएगा। फाइनल स्पीच के बाद बदले चुनावी समीकरण, प्रभावी भाषण देने वालों पर बढ़ा दांव मंगलवार को हुई फाइनल स्पीच ने भी चुनावी माहौल को नई धार दी। सभी प्रत्याशियों ने छात्रों के सामने अपनी बात रखी। यूनियन के भविष्य, छात्र हितों, समस्याओं और अपने एजेंडे को लेकर एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश की गई। भाषणों के दौरान समर्थकों का उत्साह, तालियां और नारों ने माहौल को चुनावी रंग में रंग दिया। स्पीच के बाद कुछ प्रत्याशियों को लेकर कैंपस में चर्चाएं तेज हुईं। जिन उम्मीदवारों ने अपनी बात प्रभावी तरीके से रखी, उनके पक्ष में समर्थन बढ़ने की चर्चा है। अब यह भाषणों का असर वोटों में कितना बदलता है, इसका पता गुरुवार को चलेगा। प्रचार बंद, लेकिन आखिरी रात में पूरी ताकत; सीनियर से लेकर लॉबी के अलंबरदार तक सक्रिय बुधवार को प्रचार बंद रहा। इसके बावजूद प्रत्याशी और उनके समर्थक शांत नहीं बैठे। कोई अपने समर्थकों से संपर्क करता रहा तो कोई एक-एक वोटर तक पहुंचने की कोशिश में लगा रहा। प्रत्याशियों के सीनियर, करीबी, समर्थक और चुनाव लड़ाने वाली लॉबियों के अलंबरदारों ने भी पूरा जोर लगा दिया। चुनाव से पहले की आखिरी रात को राजनीतिक भाषा में 'कत्ल की रात' कहा जाता है। एएमयू में भी बुधवार की रात इसी चुनावी जोड़तोड़ के नाम रही। किस वोटर को सुबह मतदान केंद्र तक पहुंचाना है, किस खेमे से समर्थन मिल सकता है और किस प्रत्याशी के पक्ष में वोटों का समीकरण बैठ सकता है, इसी पर रणनीति बनती रही। आठ साल बाद चुनाव हो रहा है। मंगलवार को फाइनल स्पीच के दौरान जिस तरह का उत्साह, जोश, नारेबाजी और प्रत्याशियों के समर्थन में उमड़ी भीड़ दिखाई दी, वैसा ही नजारा गुरुवार को मतदान के दौरान भी दिखने की उम्मीद है। अब चुनावी शोर की जगह मतदाताओं की कतारें और मतपेटियों में पड़ते वोट इस चुनाव की दिशा तय करेंगे। 13 मतदान स्थलों पर मुख्य छात्रसंघ का चुनाव, वीमेंस कॉलेज में अलग व्यवस्था मुख्य छात्रसंघ के चुनाव के लिए फैकल्टीवार 13 मतदान स्थल बनाए गए हैं। वहीं वीमेंस कॉलेज की छात्रसंघ यूनियन के लिए कॉलेज परिसर में ही अलग मतदान केंद्र की व्यवस्था की गई है। छात्रसंघ के 20,742 और वीमेंस कॉलेज के 4,080 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इस तरह दोनों चुनावों में कुल 24,822 मतदाता हैं। मतदान सुबह नौ बजे शुरू होगा और शाम पांच बजे तक चलेगा। दोपहर एक से दो बजे तक लंच ब्रेक रहेगा। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कैबिनेट और एएमयू कोर्ट सदस्य पदों के लिए अलग-अलग रंग के मतपत्र होंगे। 70 मतपेटियां, 60 सदस्यीय कोर कमेटी संभालेगी जिम्मेदारी चुनाव में 70 मतपेटियों का इस्तेमाल किया जाएगा। मतदान केंद्रों पर शिक्षक और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। निर्वाचन व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए 60 सदस्यीय कोर कमेटी गठित की गई है। इसके सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. जावेद तालिब के नेतृत्व में निर्वाचन कार्यालय की टीम बुधवार को पूरे दिन तैयारियों में लगी रही। मतपेटियों, मतपत्रों, मतदानकर्मियों की ड्यूटी और केंद्रों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन पुलिस की भी मदद लेगा। शाम सात बजे से एबीके यूनियन स्कूल में मतगणना, बाहर रहेगा पुलिस फोर्स गुरुवार शाम पांच बजे मतदान समाप्त होने के बाद शाम सात बजे से मतगणना शुरू होगी। इसके लिए एबीके यूनियन स्कूल को केंद्र बनाया गया है। यह यूनियन हॉल के बराबर में स्थित है। कैंपस के बाहर पुलिस फोर्स की व्यवस्था रहेगी। कैंपस के आसपास सुरक्षा और निगरानी रखी जाएगी, जिससे चुनाव के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो। जानिये चुनाव का पूरा गणित छात्रसंघ के मतदाता 20,742 वीमेंस कॉलेज के मतदाता 4,080 दोनों चुनावों के कुल मतदाता 24,822 छात्रसंघ के मतदान स्थल 13 वीमेंस कॉलेज का मतदान केंद्र वीमेंस कॉलेज परिसर कुल मतपेटियां 70 चुनाव कोर कमेटी 60 सदस्य मतदान शुरू सुबह 9 बजे लंच ब्रेक दोपहर 1 से 2 बजे मतदान समाप्त शाम 5 बजे मतगणना शुरू शाम 7 बजे मतगणना स्थल एबीके यूनियन स्कूल पदवार कितने प्रत्याशी मैदान में एएमयू छात्रसंघ अध्यक्ष 9 एएमयू छात्रसंघ उपाध्यक्ष 7 एएमयू छात्रसंघ सचिव 3 कैबिनेट के 10 पद 46 11 फैकल्टी के कोर्ट मेंबर 67 वीमेंस कॉलेज यूनियन प्रत्याशी मैदान में अध्यक्ष 6 उपाध्यक्ष 4 सचिव 5 कैबिनेट 18 फैकल्टीवार मतदान केंद्र एग्रीकल्चर साइंस व थियोलॉजी फैकल्टी ऑफ थियोलॉजी आर्ट फैकल्टी आर्ट फैकल्टी लाउंज इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी जेडएच कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी पॉलीटेक्निक यूनिवर्सिटी पॉलीटेक्निक वीमेंस पॉलीटेक्निक वीमेंस पॉलीटेक्निक कॉमर्स फैकल्टी ऑफ कॉमर्स लॉ फैकल्टी ऑफ लॉ लाइफ साइंस जूनियर लैब व सीनियर लैब, जंतु विज्ञान विभाग मैनेजमेंट व इंटरनेशनल स्टडीज फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, एलटी-1 मेडिसिन फैकल्टी ऑफ मेडिसिन साइंस फैकल्टी ऑफ साइंस यूनानी मेडिसिन कॉलेज लाइब्रेरी, एके तिब्बिया कॉलेज विशेष व्यवस्था:- लाइफ साइंस फैकल्टी में जंतु विज्ञान विभाग की जूनियर और सीनियर लैब में अलग-अलग मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस तरह मुख्य छात्रसंघ के लिए 13 मतदान स्थल होंगे। वीमेंस कॉलेज का मतदान उसके अपने परिसर में अलग से होगा। क्रमवार अध्यक्ष पद के प्रत्याशी 01 मोहम्मद जुहैर अहमद 02 मोहम्मद इंतिखाब 03 अब्दुल वहीद 04 आमिना इरशाद 05 मोहम्मद नोमान अशरफ 06 शरजील इकबाल 07 शरजील मोहम्मद खान 08 असमर फरीदी 09 साहिल खान क्रमवार उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी 01 अशफाक हुसैन 02 सैयद अयान अहमद 03 साकिब अली खान 04 नशरा नईम 05 एमन हफीज खान 06 मोहम्मद सादान 07 इरफा खान क्रमवार सचिव पद के प्रत्याशी 01 मोहम्मद हमदान 02 अहमद फराज राजी 03 मोहम्मद ओवैस क्रमवार वीमेंस कॉलेज अध्यक्ष पद 01 तमन्ना मुजफ्फर 02 अनम रियाज 03 रुकैय्या खान 04 आयशा जमाल 05 तहूरा शकील 06 मरियम नाज क्रमवार वीमेंस कॉलेज उपाध्यक्ष पद 01 मरियम फातिमा 02 आयशा खान 03 शमा फातिमा 04 सानिया सिराज क्रमवार वीमेंस कॉलेज सचिव पद 01 मरियम जान 02 जैनब 03 रुकैया खातून 04 सानिया खान 05 जोया रहमान

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User