IPL ऑक्शन में स्टोक्स और बैनक्रॉफ्ट की एंट्री:1,220 खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन; बांग्लादेश के 11 नाम, मुस्तफिजुर शामिल नहीं
16 दिसंबर को गोवा में होने वाले IPL मिनी ऑक्शन के लिए खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन पूरा हो गया है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने भी नीलामी के लिए अपना नाम दिया है। बैनक्रॉफ्ट 2018 के बॉल टैंपरिंग विवाद को लेकर हाल में फिर चर्चा में आए थे। ऑक्शन रजिस्टर में कुल 1,220 खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें 939 भारतीय और 281 विदेशी खिलाड़ी हैं। सभी 10 फ्रेंचाइजी के पास कुल 66 स्लॉट खाली हैं, जिनमें 25 विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं। स्टोक्स 2 करोड़ और बैनक्रॉफ्ट 75 लाख रुपए के बेस प्राइस पर इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके 35 साल के बेन स्टोक्स ने 2 करोड़ रुपए के बेस प्राइस पर रजिस्ट्रेशन कराया है। वे आखिरी बार 2023 में IPL खेले थे। तब उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए दो मैच खेले थे। इससे पहले वे राजस्थान रॉयल्स और अब बंद हो चुकी राइजिंग पुणे सुपरजायंट का हिस्सा भी रह चुके हैं। वहीं, 2018 के बॉल टैंपरिंग विवाद में अपनी भूमिका को लेकर हाल ही में सफाई देने वाले 34 साल के कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने 75 लाख रुपए के बेस प्राइस पर नाम दिया है। बैनक्रॉफ्ट ने अब तक IPL का एक भी मैच नहीं खेला है, लेकिन वे ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) में नियमित रूप से खेलते हैं। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड ने भी ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। हालांकि, उनके टूर्नामेंट के ज्यादातर हिस्से में उपलब्ध रहने की उम्मीद नहीं है। बांग्लादेश के 11 खिलाड़ी शामिल, मुस्तफिजुर रहमान ने नहीं कराया रजिस्ट्रेशन ऑक्शन लिस्ट में बांग्लादेश के 11 खिलाड़ियों ने नाम दिया है, लेकिन तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान इसमें शामिल नहीं हैं। पिछले साल BCCI के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने मुस्तफिजुर को रिलीज कर दिया था। इसके बाद बांग्लादेश ने भारत में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप से अपना नाम वापस ले लिया था। ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले बांग्लादेशी खिलाड़ियों में हसन महमूद, परवेज हुसैन इमोन, रिपन मोंडोल, रिशाद हुसैन, सैफ हसन, शाक महेदी हसन, शमीम हुसैन, शोरिफुल इस्लाम, तंजीम हसन साकिब, तौहीद हृदोय और मोहम्मद रुबेल शामिल हैं। जापान के बेंजामिन इटो डेविस भी ऑक्शन रजिस्टर में एसोसिएट देशों के 42 खिलाड़ी भी ऑक्शन रजिस्टर में शामिल हैं। इनमें जापान के बेंजामिन इटो डेविस का नाम भी है। उनका बेस प्राइस 30 लाख रुपए रखा गया है। 10 फ्रेंचाइजी ने कुल 184 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। इसके बाद ऑक्शन रजिस्टर में 184 कैप्ड, 994 अनकैप्ड और 42 एसोसिएट खिलाड़ी शामिल हैं। 14 कैप्ड भारतीय खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन ऑक्शन रजिस्टर में 14 कैप्ड भारतीय खिलाड़ी भी शामिल हैं। इनमें आकाश दीप, आवेश खान, दीपक चाहर, दीपक हुड्डा, जयदेव उनादकट, करुण नायर, कुलदीप सेन, मयंक अग्रवाल, उमेश यादव, उमरान मलिक, सारांश जैन, शिवम मावी, तुषार देशपांडे और राहुल त्रिपाठी के नाम हैं। ऑक्शन से पहले छोटी होगी खिलाड़ियों की लिस्ट 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली नीलामी से पहले 1,220 खिलाड़ियों की सूची छोटी की जाएगी। PTI के मुताबिक, ऑक्शन से पहले इस लिस्ट में बड़ी कटौती होने की उम्मीद है। इसके बाद शॉर्टलिस्ट किए गए खिलाड़ी ही नीलामी में बोली के लिए उपलब्ध होंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)