इटावा में झांसा देकर किसान से 48,600 रुपए की टप्पेबाजी:धान बेचकर लौट रहा था, CCTV सामने आने के बाद एसएसपी ने दरोगा को किया निलंबित
इटावा के भरथना थाना क्षेत्र में धान बेचकर घर लौट रहे किसान को बाइक पर लिफ्ट देने का झांसा देकर 48,600 रुपए की टप्पेबाजी कर ली गई। मंडी रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्धों की तस्वीरें सामने आने के बाद एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस की कार्यप्रणाली में लापरवाही सामने आने पर बुधवार को भरथना थाना के क्राइम इंस्पेक्टर अरिमर्दन सिंह को निलंबित कर दिया गया है। पीड़ित किसान की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। भरथना थाना क्षेत्र के रमायन गांव निवासी किसान तुलाराम शाक्य सोमवार दोपहर करीब एक बजे अपनी धान की फसल बेचने के लिए कृषि उत्पादन मंडी समिति पहुंचे थे। धान बेचने के बाद उन्हें 48,600 रुपये मिले थे। रकम लेकर वह मंडी गेट से बाहर पैदल अपने घर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और बातचीत शुरू कर दी। युवकों ने किसान से उनके गांव के बारे में पूछा। तुलाराम के रमायन गांव का निवासी होने की जानकारी मिलने पर दोनों ने कहा कि वे भी उसी तरफ जा रहे हैं और उन्हें बाइक से गांव छोड़ देंगे। घर पहुंचने की उम्मीद में किसान उनकी बातों में आ गया और बाइक पर बैठ गया। आरोप है कि रास्ते में युवकों ने उनकी जेब से धान बेचकर मिले 48,600 रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मंडी रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में संदिग्ध बाइक सवारों की तस्वीरें कैद होने की बात सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। किसान की मेहनत से कमाई गई रकम लेकर फरार हुए युवकों की तलाश में मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। सीओ भरथना रामदवन मौर्य ने बताया कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में क्राइम इंस्पेक्टर अरिमर्दन सिंह को निलंबित किया गया है। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)