लगातार दूसरी बार MLC बने मानवेंद्र प्रताप सिंह:अलीगढ़ में कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, घर पहुंचकर मां से लिया आशीर्वाद

Oct 29, 2026 - 08:00
0
लगातार दूसरी बार MLC बने मानवेंद्र प्रताप सिंह:अलीगढ़ में कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, घर पहुंचकर मां से लिया आशीर्वाद
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से राजनीतिक सफर शुरू करने वाले भाजपा एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ‘गुरुजी’ ने आगरा खंड स्नातक सीट पर लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है। इस जीत में अलीगढ़ में भाजपा के संगठनात्मक नेटवर्क, बूथ स्तर की रणनीति और कार्यकर्ताओं की मेहनत की अहम भूमिका रही। इस बार उनके सामने सजातीय प्रत्याशी अम्बरीश पाल सिंह भी मैदान में थे, लेकिन गुरुजी अपनी सीट बचाने में सफल रहे। 2 तस्वीरें देखिए… खैरेश्वर मंदिर में दर्शन, घर पहुंचकर मां से लिया आशीर्वाद जीत के बाद आगरा से अलीगढ़ लौटते समय जगह-जगह गुरुजी का स्वागत किया गया। अलीगढ़ पहुंचकर उन्होंने सबसे पहले खैरेश्वर मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। बुधवार दोपहर जीत की खबर सुरेंद्रनगर स्थित उनके आवास पर पहुंच गई थी। इसके बाद परिवार और समर्थकों में जश्न शुरू हो गया। देर शाम घर पहुंचने पर बहन ने आरती उतारकर तिलक लगाया। बुजुर्ग मां ने भी आरती उतारकर उन्हें आशीर्वाद दिया। गुरुजी ने जीत का प्रमाणपत्र मां को सौंपा। बड़े भाई नागेंद्र प्रताप सिंह भी उनके साथ रहे। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जश्न मनाया। देर रात तक आवास पर बधाई देने वालों का आना-जाना लगा रहा। आखिरी सप्ताह में भाजपा ने झोंकी ताकत आगरा खंड स्नातक सीट पर अलीगढ़ में सबसे ज्यादा मतदाता थे। भाजपा ने इसे चुनावी रणनीति का अहम केंद्र बनाया। मतदान से पहले आखिरी सप्ताह में प्रदेश और क्षेत्र स्तर के नेताओं को 12 जिलों में लगाया गया। बूथ स्तर पर जिम्मेदारियां बांटी गईं और मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें मतदान केंद्र तक लाने की योजना बनाई गई। गुरुजी ने जीत का श्रेय पार्टी संगठन, कार्यकर्ताओं की मेहनत, मतदाताओं के भरोसे और पिछले पांच-छह वर्षों में किए गए कामों को दिया। अम्बरीश पाल सिंह की चुनौती के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें किसी तरह की चुनौती नहीं थी। मतगणना में गड़बड़ी के आरोपों पर सपा को घेरा समाजवादी पार्टी की ओर से मतगणना में गड़बड़ी के आरोप लगाए जाने पर गुरुजी ने तंज कसा। उन्होंने कहा, “चोर ही चोरी के तरीके जानता है।” उनका दावा था कि सपा प्रत्याशी मंगलवार सुबह करीब 10 बजे 12-13 आवेदन लेकर पहुंचे और एक-एक करके आपत्तियां देने लगे, जबकि मतगणना शाम छह बजे शुरू होनी थी और उस समय मतगणना के डिब्बे खुले भी नहीं थे। उन्होंने कहा कि नकल करने वाले को भी नकल करते समय अक्ल का इस्तेमाल करना चाहिए। 2027 में भाजपा के लिए ‘300 पार’ का लक्ष्य गुरुजी ने जीत के बाद कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर राष्ट्रसेवा और सनातन की सेवा में जुटने की अपील की। उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की 300 से अधिक सीटों पर जीत का जिक्र करते हुए 2027 में भी ‘300 पार’ का लक्ष्य दोहराया। सपा के पीडीए नारे पर निशाना साधते हुए उन्होंने इसका अर्थ ‘परिवारवादी डिफेंसिव पॉलिटिक्स’ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा अपने परिवार को बचाने में जुटी है। मैनपुरी, इटावा, औरैया, फिरोजाबाद, एटा और कन्नौज का जिक्र करते हुए उन्होंने इन क्षेत्रों में भी भाजपा को जीत मिलने का दावा किया। कन्नौज को उन्होंने अखिलेश यादव का गढ़ बताया। एएमयू छात्रसंघ चुनाव पर भी दी प्रतिक्रिया एएमयू छात्रसंघ चुनाव में कुछ प्रत्याशियों के सरजील इमाम और उमर खालिद के समर्थन से जुड़े वीडियो सामने आने के सवाल पर गुरुजी ने कहा कि राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से जुड़े मामलों में कानून संवैधानिक तरीके से कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा, “राष्ट्र से ऊपर कुछ नहीं है। राष्ट्र के खिलाफ कोई बात सहन नहीं हो सकती।”

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User