जालौन में 11.44 लाख मतदाताओं की सूची प्रकाशित:16 दिसंबर तक नाम जुड़वाने और विवरण सुधारने का मौका

Nov 17, 2026 - 15:48
0
जालौन में 11.44 लाख मतदाताओं की सूची प्रकाशित:16 दिसंबर तक नाम जुड़वाने और विवरण सुधारने का मौका
विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत निर्वाचन आयोग ने जालौन में मतदाता सूची को दुरुस्त और अद्यतन करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार दोपहर 1.30 बजे जालौन की तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की आलेख्य निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन कर दिया गया। प्रकाशित सूची के अनुसार, जिले में कुल 11 लाख 44 हजार 64 मतदाता पंजीकृत हैं। अब मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, दर्ज विवरणों में संशोधन कराने और अपात्र नामों को हटवाने के लिए दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पात्र नागरिक 16 दिसंबर 2026 तक इसके लिए आवेदन कर सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी समीर ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में मतदाता सूची के प्रकाशन और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में 6 लाख 29 हजार 654 पुरुष, 5 लाख 14 हजार 358 महिला तथा 52 अन्य मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार 219-माधौगढ़ में 3 लाख 99 हजार 593, 220-कालपी में 3 लाख 63 हजार 576 और 221-उरई (अ०जा०) में 3 लाख 80 हजार 895 मतदाता पंजीकृत किए गए हैं। जनपद के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले 1,577 मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची निरीक्षण के लिए उपलब्ध करा दी गई है। इसके अलावा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों और मतदाता पंजीकरण केंद्रों पर भी सूची देखी जा सकती है। सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों को भी आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है। डीएम ने बताया कि आलेख्य सूची के प्रकाशन के साथ ही 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर संशोधन कराया जा सकता है। इसके अलावा किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज होने पर उसे हटवाने के लिए भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आपत्ति दाखिल की जा सकती है। प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। चार दिन बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ मतदाता सूची को अधिक से अधिक शुद्ध, त्रुटिरहित और समावेशी बनाने के लिए निर्वाचन विभाग ने 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए हैं। इन चारों दिनों में सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे। इस दौरान मतदाता सूची पढ़कर सुनाई जाएगी, ताकि नागरिक अपने नाम और परिवार के अन्य सदस्यों के नामों का सत्यापन कर सकें। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी, जहां मतदाताओं को आवेदन भरने और प्रक्रिया की जानकारी देने में सहायता मिलेगी। नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6, संशोधन के लिए फार्म-8 जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6, किसी नाम के विलोपन के लिए फार्म-7 और नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फार्म-8 उपलब्ध रहेंगे। सभी संबंधित केंद्रों पर ये फार्म पर्याप्त संख्या में रखे जाएंगे। नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ पर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदाता बनने जा रहे पात्र नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। किसी भी पात्र नागरिक का नाम सूची में छूटने न पाए, इसके लिए निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन करना जरूरी है। शिकायत और जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी मतदाता सूची से संबंधित जानकारी, समस्या और शिकायतों के समाधान के लिए जनपद स्तर पर डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर स्थापित किया गया है। इसका टोल फ्री नंबर 1950 और बेसिक नंबर 05162-250288 जारी किया गया है। इसके अलावा जिला निर्वाचन कार्यालय और सभी तहसील कार्यालयों में हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। मतदाता वोटर हेल्पलाइन एप अथवा निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर उपलब्ध 'Book a Call With BLO' सुविधा के माध्यम से भी अपने बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी समीर ने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल होना स्वस्थ, सशक्त और पारदर्शी लोकतंत्र की आधारशिला है। सभी नागरिक आलेख्य मतदाता सूची का गंभीरता से अवलोकन करें और निर्धारित समयसीमा में अपने दावे और आपत्तियां प्रस्तुत करें, ताकि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के लिए शुद्ध एवं अद्यतन निर्वाचक नामावली तैयार की जा सके और कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User