जालौन में व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य:रामकुंड छठ घाट पर उमड़े श्रद्धालु, गीतों के बीच की छठी मैया की पूजा
छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार शाम उरई के रामकुंड छठ घाट पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और लंबी उम्र की कामना की। इस दौरान घाट पर छठ मैया के जयकारे और पारंपरिक छठ गीत गूंजते रहे। डलिया और बहंगिया लेकर घाट पहुंचीं व्रती महिलाएं व्रती महिलाएं सिर पर पूजा सामग्री से भरी डलिया और बांस की बहंगिया लेकर घाट पहुंचीं। सूप में फल और ठेकुआ सजाए गए थे। महिलाओं ने जल में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य दिया और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। इस दौरान ‘कांच ही बांस के बहंगिया’ और ‘सुगवा के मारबो धनुष से’ जैसे पारंपरिक गीत गाए गए। बच्चों और युवाओं ने भी लिया हिस्सा घाट पर बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं की भी भीड़ रही। महिलाओं और युवतियों ने सेल्फी लेकर पर्व की यादों को कैमरे में कैद किया। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई थी। विधायक और पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि ने देखीं व्यवस्थाएं पुलिस प्रशासन और नगर पालिका परिषद की ओर से घाट पर सुरक्षा और सफाई के इंतजाम किए गए। सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा और पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि विजय चौधरी ने घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और श्रद्धालुओं को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। सोमवार सुबह उगते सूर्य को देंगी अर्घ्य सोमवार सुबह व्रती महिलाएं उगते सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसके बाद पूजा-अर्चना कर व्रत का पारण करेंगी। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)