जेल के बंदियों ने दीपावली के लिए सजावटी सामान बनाया:20 बंदियों को मोमबत्ती, दीपक और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां बनाने का प्रशिक्षण मिला

Nov 07, 2026 - 20:47
0
जेल के बंदियों ने दीपावली के लिए सजावटी सामान बनाया:20 बंदियों को मोमबत्ती, दीपक और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां बनाने का प्रशिक्षण मिला
मथुरा में दीपावली के पर्व को लेकर मथुरा जिला कारागार में विशेष तैयारियां की गई हैं। जेल अधीक्षक अंशुमन गर्ग के निर्देशानुसार कई दिन पहले से ही कारागार में दीपावली की तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। इस बार कारागार में दीपावली का पर्व बंदियों के लिए केवल खुशियों का अवसर ही नहीं, बल्कि अपने हुनर को निखारने और जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम भी बन रहा है। दीपावली के अवसर पर कारागार प्रशासन की ओर से 20 बंदियों को मोमबत्ती बनाने, दीपक तैयार करने और भगवान लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों को सजाने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद बंदी स्वयं मोमबत्तियां, दीपक और लक्ष्मी-गणेश की आकर्षक मूर्तियां तैयार कर रहे हैं। इस काम में बंदी पूरे उत्साह और लगन के साथ जुटे हुए हैं। उनके द्वारा तैयार की जा रही सामग्री के माध्यम से उनकी रचनात्मक प्रतिभा और हुनर सामने आ रहा है। वहीं, दीपावली के मद्देनजर जिला कारागार के प्रत्येक स्थल पर विशेष साफ-सफाई कराई गई है। परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के साथ ही त्योहार के अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। कारागार में बंदियों के बीच भी दीपावली को लेकर अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है। कारागार प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य बंदियों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर उनके भीतर सकारात्मक सोच विकसित करना है। प्रशिक्षण के माध्यम से बंदियों को यह संदेश दिया जा रहा है कि हुनर और मेहनत के दम पर जीवन को नई दिशा दी जा सकती है। बंदी भी इन गतिविधियों में भाग लेकर खुद को बदलने और भविष्य को बेहतर बनाने की प्रेरणा प्राप्त कर रहे हैं। इस पहल से बंदियों में समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की भावना मजबूत हो रही है। कारागार से बाहर निकलने के बाद अपराध की दुनिया छोड़कर सम्मानजनक जीवन जीने और समाज के लिए सकारात्मक योगदान देने की प्रेरणा मिल रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User