रामपुर में बाइक चोरी के आरोप में दो भाई गिरफ्तार:पुलिस ने 4 मोटरसाइकिलें और दो चाकू पकड़े; गिरोह नेपाल में बेचता था
रामपुर के शहजादनगर थाना पुलिस ने शनिवार की दोपहर करीब तीन बजे अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उत्तराखंड के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिल और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की जा रही बुलेट मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी सगे भाई हैं। पूछताछ में उन्होंने अपने छोटे भाई और उसके एक दोस्त के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से बाइक चोरी करने की बात कबूल की है।
पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर को यूपी-22 ढाबे के गेट से एक बुलेट मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। इस मामले में शहजादनगर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। शनिवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक चोरी करने वाले आरोपी ग्राम जुठिया के बाहर बंद पड़े भट्टे पर मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुलदीप और प्रदीप चतुर्वेदी निवासी ट्रांजिट कैंप, कृष्णा कॉलोनी, रुद्रपुर, जिला ऊधमसिंह नगर (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से टीवीएस अपाचे, स्प्लेंडर प्लस समेत चार मोटरसाइकिल बरामद की हैं। दोनों के पास से एक-एक अवैध चाकू भी मिला है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने छोटे भाई अमरदीप और उसके दोस्त नईम के साथ मिलकर बाइक चोरी करते थे। गिरोह के दो सदस्य पहले मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे, जबकि दो सदस्य उन्हें चोरी कर लेते थे। इसके बाद बाइक की नंबर प्लेट हटाकर नेपाल में एक व्यक्ति को बेच देते थे। बिक्री से मिलने वाली रकम चारों आपस में बराबर बांट लेते थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कुलदीप के खिलाफ आगरा, बरेली, बदायूं, रामपुर और शाहजहांपुर समेत विभिन्न जिलों में चोरी और अन्य धाराओं में 13 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धाराएं 317(2), 317(4), 317(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 बढ़ाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)