झांसी में बुलेट न मिलने पर बारात लेकर भागा दूल्हा:45 लाख रुपए भी मांगे, पिता को सीने में दर्द उठा, दुल्हन से भी 1.20 लाख लिए
झांसी में 45 लाख रुपए और बुलेट न मिलने पर दूल्हा बारात लेकर भाग गया। बारात मध्य प्रदेश के भोपाल से आई थी। विवाह घर में शादी की रस्में चल रही थी। निकाह के बाद दूल्हे ने पैसे और बुलेट की डिमांड रख ली। अचानक इतनी बड़ी डिमांड सुनकर दुल्हन के घरवालों के होश उड़ गए। काफी समझाने-बुझाने के बाद भी दूल्हा अपनी मांग पर अड़ा रहा। इसी बीच दुल्हन के पिता के सीने में दर्द उठा और उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए। इस बीच दूल्हा बारात लेकर भाग गया। दुल्हन के भाई ने सीपरी बाजार थाने में तहरीर दी है। दुल्हन से भी पैसे ले चुका दूल्हा कोतवाली क्षेत्र के अलीगोल खिड़की बाहर निवासी रिजवान की बहन का रिश्ता मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित दिलखुश बाग निवासी एक युवक के साथ तय हुआ था। शनिवार की रात शिवपुरी हाईवे पर स्थित रामजी रिसोर्ट में बारात आई थी। दोनों पक्षों के रिश्तेदार और मेहमान शादी की खुशियों में शामिल हुए। रस्मों के बीच दूल्हा दुल्हन का निकाह भी सम्पन्न हुआ। आरोप है कि निकाह होने के कुछ देर बाद ही दूल्हे ने दुल्हन पक्ष के सामने 45 लाख रुपए और बुलेट बाइक की डिमांड कर दी। अचानक इतनी बड़ी मांग सुनकर दुल्हन के परिजन सन्न रह गए। इसके बाद दूल्हे और उसके परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू हुआ। काफी देर तक बातचीत होती रही, लेकिन दूल्हा नहीं माना। पिता की तबीयत बिगड़ी विवाद के बीच दुल्हन के पिता इरफान तनाव में आ गए और उनके सीने में तेज दर्द होने लगा। यह देखकर परिवार में हड़कम्प मच गया। शादी की खुशियां अचानक अफरा-तफरी में बदल गई। परिजन आनन फानन में इरफान को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उनका उपचार कराया गया। इसी बीच दूल्हा अपने परिजनों और बरातियों के साथ विवाह घर से चला गया। जब दुल्हन पक्ष के लोगों को बरात के फरार होने की जानकारी मिली तो उनके पैरो तले जमीन खिसक गई। उन्होंने दूल्हे और उसके परिजनों से सम्पर्क किया, लेकिन किसी से बात नहीं हो सकी। भाई का आरोप है कि दूल्हा उसकी बहन से एक लाख 20 लाख रुपए ऑनलाइन ले चुका है। सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे का कहना है कि दोनों पक्षों के लोग आपसी तौर पर सुलह करने की कोशिश कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)