झांसी में शॉप से चुराई पेंट की बाल्टी, VIDEO:दो किलोमीटर दूर दूसरी दुकान पर बेचने पहुंचा तो पीड़ित ने पकड़ा, 9 केस दर्ज हैं

Nov 15, 2026 - 13:09
0
झांसी में शॉप से चुराई पेंट की बाल्टी, VIDEO:दो किलोमीटर दूर दूसरी दुकान पर बेचने पहुंचा तो पीड़ित ने पकड़ा, 9 केस दर्ज हैं
झांसी में एक आरोपी दुकान के बाहर से पेंट की 20 लीटर की बाल्टी चुराकर ले गया। कुछ देर बाद वह लगभग 2 किलोमीटर दूर दूसरी दुकान पर बाल्टी बेचने पहुंच गया। तब ढूंढ़ते हुए दुकानदार भी पहुंच गया। उसने आरोपी को पहचान लिया और उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान आकाश उर्फ रोहित अहिरवार (26) पुत्र इंदल के रूप में हुई है। वह प्रेमनगर के हंसारी का रहने वाला है। घटना शुक्रवार की है। इसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। आरोपी रोहित के खिलाफ चोरी का माल खरीदने और चोरी करने के 9 केस दर्ज हैं। पूरा मामला नवाबाद थाना क्षेत्र का है। 19 सेकेंड में चुराकर ले गया था पेंट नवाबाद थाना क्षेत्र के एसएम टॉवर निवासी मुकेश अग्रवाल पुत्र हरिबाबू अग्रवाल ने पुलिस को बताया- उसकी मॉर्डन पेंट स्टोर के नाम से शॉप है। पेंट की कुछ बाल्टी दुकान के बाहर रखी रहती है। शुक्रवार शाम लगभग 4:15 बजे एक अज्ञात युवक पैदल आया। आते ही उसने बाहर से एक बाल्टी को उठाया और पैदल ही लेकर चला गया। कुछ देर बाद जब उनकी नजर पड़ी तो बाल्टी गायब थी। इस पर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की घटना रिकॉर्ड हो गई। महज 19 सेकेंट में ही चोर आया और पेंट की 20 लीटर की बाल्टी चुराकर ले गया। इसके बाद दुकानदार ने उसकी तलाश शुरू कर दी। कुछ देर बाद आरोपी पेंट की बाल्टी बेचने के लिए जेल चौराहा के पास क्वालिटी नाम की पेंट की दुकान पर पहुंचा। जहां तलाश करते हुए दुकानदार मुकेश अग्रवाल भी पहुंच गया। उसने फुटेज के आधार पर आरोपी को पहचान लिया और पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को बुलाकर आरोपी को उनके हवाले कर दिया। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी रोहित अहिरवार के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया गया है। उसे गिरफ्तार कर लिया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User