एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में ऑर्थो के एक्सरे बंद:मरीजों को हो रही परेशानी, प्राचार्य बोले दो दिन में होगी ठीक
एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में लगी एक्सरे मशीन की तकनीकी खराबी के चलते मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मशीन से चेस्ट के एक्सरे तो हो रहे हैं, लेकिन ऑर्थोपेडिक (हड्डी रोग) विभाग के मरीजों के एक्सरे नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में ऑर्थो के मरीजों को एक्सरे कराने के लिए दूसरी बिल्डिंग स्थित सुपर स्पेशियलिटी भवन में भेजा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, ओपीडी में लगी एक्सरे मशीन लाइट में उतार-चढ़ाव (वोल्टेज फ्लक्चुएशन) के कारण ठीक से काम नहीं कर रही है। इसके चलते हड्डी रोग विभाग के मरीजों को एक्सरे कराने में दिक्कत हो रही है। मरीजों को जांच के लिए दूसरी बिल्डिंग तक जाना पड़ रहा है। इससे खासकर उन मरीजों को परेशानी हो रही है, जिन्हें चलने-फिरने में दिक्कत है। एक तीमारदार नीलू ने बताया कि उसके भाई का एक्सीडेंट हो गया है। वह उसे दिखाने के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में आई थीं। डॉक्टर ने एक्सरे कराने के लिए लिखा, लेकिन ओपीडी में एक्सरे नहीं हो पाया। वहां से दूसरी बिल्डिंग में एक्सरे कराने के लिए कहा गया। नीलू ने बताया कि उनका भाई ठीक से चल भी नहीं पा रहा है। ऐसे में उसे लेकर दूसरी बिल्डिंग तक जाना काफी मुश्किल हो रहा है। एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि ओपीडी में लगी एक्सरे मशीन में बिजली के उतार-चढ़ाव (लाइट फ्लक्चुएशन) के कारण तकनीकी समस्या आ रही है। मशीन ठीक से काम नहीं कर रही है। इसे दुरुस्त कराने के लिए टोरंट को बोला गया है। उम्मीद है कि एक से दो दिन में समस्या का समाधान हो जाएगा। फिलहाल मशीन से चेस्ट के एक्सरे हो रहे हैं, जबकि ऑर्थो के मरीजों को एक्सरे के लिए सुपर स्पेशियलिटी बिल्डिंग भेजा जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)