जम्मू से छठ मनाने घर पहुंचा सेना का जवान:गीतों से गूंजा गाजीपुर स्टेशन; बाजारों में फल और पूजा सामग्री खरीदने उमड़ी भीड़
गाजीपुर में छठ महापर्व को लेकर उत्साह नजर आने लगा है। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे रेलवे स्टेशन पर छठ के पारंपरिक गीत बजने लगे। आमतौर पर ट्रेनों के आने-जाने और समय की जानकारी देने वाले अनाउंसमेंट के बीच छठ गीतों ने स्टेशन का माहौल भक्तिमय कर दिया। बाजारों में फल और पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ी। कोई जम्मू से सेना की नौकरी छोड़कर छुट्टी लेकर घर पहुंचा तो कोई मुंबई और वाराणसी से अपने परिवार के साथ पर्व मनाने आया। छठ की तैयारियों में व्रती महिलाओं के साथ बच्चे, बुजुर्ग और पुरुष भी जुटे हैं। कोई घर और घाटों की सफाई कर रहा है तो कोई फल, सूप, दउरा और पूजा सामग्री की खरीदारी में लगा है। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ पर्व की शुरुआत हुई। शनिवार को खरना के बाद व्रती 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लेंगी। रविवार शाम को डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा। वहीं, सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण होगा। जम्मू से छुट्टी लेकर छठ मनाने घर पहुंचे गोविंद मिश्र बाजार में पत्नी के साथ फल खरीद रहे गोविंद कुमार जम्मू में सेना में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि वह छठ पूजा के लिए छुट्टी लेकर घर आए हैं। उनके परिवार में 2013 से छठ पूजा हो रही है। गोविंद ने कहा- छठ ऐसा पर्व है, जिसमें पूरा परिवार एक साथ जुटता है। लोग नौकरी या कारोबार के सिलसिले में कहीं भी रहें, इस पर्व पर घर आने की कोशिश करते हैं। उनके परिवार में भी सभी लोग मिलकर पूजा की तैयारी कर रहे हैं। महंगाई के सवाल पर गोविंद ने कहा कि उन्हें बजट को लेकर कोई बड़ी परेशानी नहीं है। लोग अपनी क्षमता के अनुसार कम या ज्यादा खर्च करके पूजा करते हैं। अब बेटी कर रही मां की छठ पूजा की परंपरा बेटी के साथ खरीदारी करने पहुंची एक महिला ने बताया कि पहले वह खुद छठ पूजा करती थीं, लेकिन अब उनकी बेटी यह व्रत करती है। परिवार के सभी सदस्य मिलकर पूजा की तैयारी करते हैं और हर काम में सहयोग देते हैं। वाराणसी से मायके पहुंचीं हेम, 10 की जगह 15 हजार हो रहा खर्च वाराणसी से अपने मायके गाजीपुर आईं हेम पांडेय ने बताया कि वह करीब 20 वर्षों से छठ पूजा कर रही हैं। इस बार पूरा परिवार उनके साथ आया है। बेटे, बहू, दामाद, पति और बच्चे सभी पर्व मनाने पहुंचे हैं। उनके पति कारोबारी हैं, लेकिन छठ मनाने के लिए कारोबार छोड़कर घर आए हैं। हेम ने बताया कि इस बार बाजार में काफी महंगाई है। पहले पूजा की खरीदारी के लिए करीब 10 हजार रुपये का बजट बनता था, लेकिन अब वही सामान खरीदने में लगभग 15 हजार रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। 2020 से छठ कर रहीं प्रतिभा, परिवार के साथ जुटीं तैयारियों में मिश्र बाजार में देवर के साथ खरीदारी कर रहीं प्रतिभा पांडेय ने बताया कि वह वर्ष 2020 से छठ पूजा कर रही हैं। इससे पहले उनकी दादी व्रत करती थीं। अब वह अपनी बड़ी जेठानी के साथ इस परंपरा को निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि दिवाली के बाद से ही परिवार के सभी सदस्य तैयारियों में जुटे हैं। कोई घर की साफ-सफाई कर रहा है तो कोई पूजन सामग्री और फल जुटा रहा है। प्रतिभा ने बताया कि करीब 20 साल पहले छठ की शुरुआत के समय सूप 50 से 60 रुपये में मिल जाता था, जबकि अब इसकी कीमत 120 से 150 रुपये तक पहुंच गई है। पहले की तुलना में महंगाई काफी बढ़ गई है। घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि अभी उन्हें विशेष इंतजाम नहीं दिखे हैं। हालांकि, उम्मीद है कि अर्घ्य के समय प्रशासन की ओर से पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। खरना के बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत शहर के साईं मंदिर स्थित नवापुरा घाट पर शनिवार शाम करीब पांच बजे गंगा स्नान के बाद वेदी की पूजा करने पहुंचीं प्रीति राय मुंबई से छठ मनाने मायके आई हैं। उन्होंने बताया कि पहले उनकी दादी छठ करती थीं, फिर मां ने यह परंपरा संभाली और अब परिवार की महिलाएं इसे आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को नहाय-खाय के बाद शनिवार को खरना किया जाता है। इसमें दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार किया जाता है। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाता है। उनकी मां ने भी सुबह से अन्न-जल ग्रहण नहीं किया है। अब सोमवार सुबह सूर्य को अर्घ्य देने और पारण के बाद ही व्रत पूरा होगा। 697 घाटों पर तैयारियां, 350 नावें और गोताखोरों की व्यवस्था छठ महापर्व पर जिले में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन भी सक्रिय है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने शनिवार को शहर के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जिले में करीब 697 घाटों पर छठ महापर्व मनाया जाता है। इनमें गंगा नदी के अलावा अन्य नदियों, तालाबों और पोखरों के घाट भी शामिल हैं। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार जिले में 697 घाटों पर वेदियां बनाई गई हैं। करीब पांच लाख श्रद्धालुओं के पर्व में शामिल होने का अनुमान है। इनमें अकेले शहर में लगभग 25 हजार श्रद्धालु शामिल होंगे। डीएम ने बताया कि सभी घाटों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की जा रही है। बैरिकेडिंग, रोशनी और साफ-सफाई के साथ बिजली के खंभों और तारों को सुरक्षित करने की व्यवस्था की गई है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। शासन की ओर से पीएसी की दो प्लाटून उपलब्ध कराई गई हैं। पुलिस विभाग उनकी तैनाती कर रहा है। जिले में करीब 350 नावों की व्यवस्था की गई है। घाटों पर गोताखोरों की तैनाती भी की जा रही है, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल बचाव कार्य किया जा सके। उन्होंने बताया कि कटान और गहरे पानी के कारण करीब 10 घाटों को प्रतिबंधित किया गया है। इनमें शहर के दो घाट भी शामिल हैं। इसके अलावा जमानिया, सेवराई और मुहम्मदाबाद क्षेत्र के कुछ घाटों पर भी रोक लगाई गई है। इन घाटों के विकल्प के रूप में श्रद्धालुओं के लिए दूसरे सुरक्षित घाटों की व्यवस्था की गई है। डीएम ने अपील की कि प्रतिबंधित घाटों पर श्रद्धालु न जाएं और केवल चिह्नित सुरक्षित स्थलों पर ही पूजा करें। उन्होंने कहा कि अगले तीन दिनों तक पुलिस और प्रशासन की टीमें इसी व्यवस्था में जुटी रहेंगी। चार दिनों में ऐसे पूरी होगी छठ पूजा छठ महापर्व चार दिनों तक चलने वाला कठिन व्रत है। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ इसकी शुरुआत हुई। इस दिन व्रती महिलाएं स्नान कर शुद्ध भोजन ग्रहण करती हैं। शनिवार को खरना के दिन दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार कर पूजा की जाती है। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है। रविवार शाम को व्रती महिलाएं और श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद व्रतियों के पारण के साथ महापर्व का समापन होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)