कानपुर डाकघर घोटाला कांड में 2-FIR दर्ज:घाटमपुर उपडाकघर में अफसर-एजेंट ने मिलकर किया करोड़ों का गबन, डाक सहायक और उप-डाकपाल सस्पेंड
कानपुर के घाटमपुर स्थित उपडाकघर में खाताधारकों के करोड़ों रुपए के गबन मामले में घाटमपुर पुलिस ने सख्त एक्शन लेते हुए शनिवार को दो एफआईआर दर्ज कराई है। पहली एफआईआर 24 खाता धारकों की सामूहिक तहरीर पर एजेंट शैलेन्द्र पांडेय, उसकी बेटी अनुष्का पांडेय, पत्नी अन्नपूर्णा, बेटे विवेक और बहू अनंतिका समेत डाकघर अज्ञात कर्मचारी-अफसरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जबकि दूसरी एफआईआर देर शाम अधीक्षक डाकघर रवि कुमार की तहरीर पर डाक सहायक शिवम सचान और कार्यवाहक उपडाकपाल राकेश कुमार मिश्रा के खिलाफ गबन करने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। इसके साथ ही दोनों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस अब मामले में आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को अरेस्ट करके जेल भेजा जाएगा। अब आपको दोनों एफआईआर की जानकारी देते हैं...। एफआईआर-1 एजेंट का पूरा परिवार नामजद, अफसर और कर्मचारियों से साठगांठ कर किया घोटाला ठगी के शिकार 24 खाता धारकों ने सामूहिक तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि उप डाकघर घाटमपुर में सभी ने सरकार की अलग-अलग योजनाओं में अपनी बचत का पैसा जमा किया था। योजना की अवधि पूर्ण होने पर जब घाटमपुर के उप डाकघर में अपनी पासबुक दिखाते हुए रुपए निकालने का प्रयास किया तो पता चला कि उनके अकाउंट पूरी तरह से खाली हैं। जांच में सामने आया कि तत्कालीन अधिकारियों व कर्मचारियों एवं उप डाकघर के एजेंट शैलेन्द्र, उसकी बेटी अनुष्का पाण्डेय ने खाता धारकों को गुमराह करते हुए जाली पासबुक तैयार कर पोस्ट आफिस की पास बुक व रसीद में फर्जी हस्ताक्षर करके एवं मोहर लगाकर हमारी जमा धनराशि को निकाल लिया है। इस जमा धनराशि को कार्यालय के रिकार्ड में उल्लेख नहीं किया गया है। शैलेन्द्र ने डाकघर के कर्मचारियों से साठगांठ करके धोखाधड़ी करते हुए खाता धारकों का एकाउंट ने करोड़ों रुपए का गबन कर लिया है। जब उप डाकघर के एजेंटी शैलेन्द्र एवं अनुष्का पर दवाब बनाया गया तो शैलेन्द्र व उसकी पत्नी अन्नपूर्णा व उसकी पुत्री अनुष्का पाण्डेय लडके विवेक एवं पुत्र वधू अंनतिका ने इस धोखाधडी से सम्बन्धित साक्ष्यो को जला दिया है। हम लोग शेष बजे हुये साक्ष्य के रूप में प्रार्थीगण उप डाकघर द्वारा निर्गत की गयी पासबुक व अन्य प्रमाण पत्र खाता संख्या के उप डाकघर घाटमपुर को उपलब्ध कराया जा चुका है। जिसको बडे़ डाकघर से आये उच्च अधिकारियों द्वारा स्वीकार करते हुए मामले में एक्शन लेने की बात कही है। पुलिस ने इस सामूहिक तहरीर में घाटमपुर भदरस निवासी धीरेन्द्र कुमार शुक्ला की तहरीर पर एजेंट शैलेंद्र पांडेय, उसकी बेटी अनुष्का पांडेय, पत्नी अन्नपूर्णा, बेटा विवेक और बहू अंनतिका के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। एफआईआर नंबर-2 डाकघर अधीक्षक की तहरीर पर डाक सहायक और उपडाकपाल पर रिपोर्ट, दोनों सस्पेंड घाटमपुर उपडाकघर से करोड़ों के गबन के मामले में घाटमपुर थाने की पुलिस ने दूसरी एफआईआर कार्यालय अधीक्षक डाकघर रवि कुमार की तहरीर पर डाक सहायक शिवम सचान और तत्कालीन कार्यवाहक उपडाकपाल राकेश कुमार मिश्रा के खिलाफ गबन की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। तहरीर के मुताबिक घाटमपुर उपडाकघर में खातों के संचालन एवं वित्तीय लेन-देन में अनियमितताओं के संबंध में आकांक्षा चौरसिया की शिकायत पर विभागीय जांच की गई। जांच में सामने आया कि उनके माता-पिता स्व. जितेन्द्र कुमार चौरसिया और स्व. अर्चना चौरसिया के संयुक्त बचत खाता संख्या 0920899788 से उनकी मृत्यु के बाद दिनांक 23 जनवरी.2025 को 4 लाख 15 हजार और 28 मई 2025 को 2 लाख 98 हजार खाते से निकाला गया। प्रारम्भिक जांच में सामने आया कि डाकसहायक घाटमपुर उपडाकघर शिवम सचान और तत्कालीन कार्यवाहक उपडाकपाल घाटमपुर राकेश कुमार मिश्रा ने खाताधारक की मृत्यु बाद उक्त धन निकासी करने में लापरवाही बरतने के जिम्मेदार हैं। प्राथमिक जांच में उनकी संलिप्तता सामने आई है। इस वजह से शिवम सचान डाकसहायक घाटमपुर उपडाकघर और राकेश कुमार मिश्रा तत्कालीन कार्यवाहक उपडाकपाल घाटमपुर उपडाकघर वर्तमान में एल. एस. जी. उपडाकपाल भाऊपुर उपडाकघर में तैनात हैं, दोनों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया। दोनों के खिलाफ गबन की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों की अरेस्टिंग करके जेल भेजा जाएगा। आरोपियों की अरेस्टिंग को 5 टीमें दे रही दबिश पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि घाटमपुर उपडाकघर में गबन का मामला सामने आने के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे हैं। इनकी अरेस्टिंग के लिए पुलिस की 5 टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपियों को अरेस्ट करके जेल भेजा जाएगा। पब्लिक का पैसा का गबन करने वाले एजेंट और उसके परिवार वालों के साथ ही दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त एक्शन होगा। मामले में किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)