ज्वैलर पर ग्राहक को थप्पड़ मारने का आरोप:दिल्ली गेट सर्राफा बाजार में व्यापारियों ने दुकानें बंद कर विरोध किया, पुलिस ने दोनों पक्षों में कराया समझौता

Nov 07, 2026 - 22:11
0
ज्वैलर पर ग्राहक को थप्पड़ मारने का आरोप:दिल्ली गेट सर्राफा बाजार में व्यापारियों ने दुकानें बंद कर विरोध किया, पुलिस ने दोनों पक्षों में कराया समझौता
गाजियाबाद के दिल्ली गेट सर्राफा बाजार में शनिवार को ज्वैलर और ग्राहक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि सामान लेने पहुंचे ग्राहक यश को ज्वैलर ने थप्पड़ मार दिया। इसके बाद व्यापारियों ने दुकानें बंद कर विरोध किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। बाद में उनके बीच समझौता हो गया और बाजार की दुकानें फिर खुल गईं। जानकारी के मुताबिक, भाटिया मोड़ के एक सर्राफा व्यापारी ने दिल्ली गेट स्थित पूजा ज्वैलर्स से सामान का ऑर्डर दिया था। आरोप है कि ऑर्डर का भुगतान पहले ही किया जा चुका था। सामान लेने के लिए व्यापारी का बेटा यश दुकान पर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि पूजा ज्वैलर्स की ओर से यश को कई बार थोड़ी देर बाद आने के लिए कहा गया। बार-बार दुकान के चक्कर लगाने के बाद भी सामान नहीं मिला तो यश ने दुकानदार से सामान देने का तय समय पूछा। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि ज्वैलर ने यश को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद यश ने अपने परिजनों को मौके पर बुलाया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और उनके बीच गाली-गलौज हुई। विवाद बढ़ने पर आसपास के व्यापारी भी वहां पहुंचे। उन्होंने दुकानें बंद कर धरना दिया। मामला कोतवाली पहुंचा, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों से बात की। सूत्रों के मुताबिक, विवाद शांत होने के बाद स्थानीय पार्षद के रवैये को लेकर भी व्यापारियों में नाराजगी रही। आरोप है कि मामला सुलझने के बाद पार्षद ने व्यापारियों से गाली-गलौज की और विवाद आगे बढ़ाने की कोशिश की। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। व्यापारियों के विरोध के चलते शनिवार को बाजार में कुछ समय तक सन्नाटा पसरा रहा। शुक्रवार तक जहां बाजार में खरीदारों की चहल-पहल थी, वहीं शनिवार को दुकानें बंद होने से कारोबार प्रभावित हुआ। इसके बाद दुकानें खुलीं और बाजार में फिर से रौनक दिखाई देने लगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User