तीन बेटियों के जन्म पर विवाहिता को घर से निकाला:सहारनपुर में दुकान खुलवाने के लिए एक लाख रुपए मांगे; पति, सास-ससुर पर मारपीट का आरोप, 3 पर FIR
सहारनपुर में तीन बेटियों को जन्म देने पर एक विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति, सास और ससुर ने विवाहिता से अपने मायके से एक लाख रुपये लाने का दबाव बनाया। रुपये नहीं लाने पर पति की दूसरी शादी कराने और उसे तलाक देने की धमकी दी। आरोपियों ने विवाहिता को उसकी तीन बेटियों के साथ घर से निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस शुक्रवार को पति समेत तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। सरसावा थाना क्षेत्र के गांव बीदपुर निवासी फरहा की शादी 9 मार्च 2018 को फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव मुजफ्फराबाद निवासी असलम के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। फरहा के मुताबिक, उसके मायके वालों ने अपनी हैसियत के अनुसार शादी में घरेलू सामान दिया था और करीब पांच लाख रुपये खर्च किए थे। शुरुआत में ससुराल वालों का व्यवहार ठीक रहा, लेकिन कुछ समय बाद कम दहेज लाने के ताने देकर मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद उसके यहां तीन बेटियों फातिमा, मरियम और रहमत का जन्म हुआ। बेटियों के पैदा होने पर ससुराल वाले नाराज रहने लगे और उसे प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि पति और सास-ससुर उससे लगातार पैसों की मांग करते थे। दूसरी बेटी के जन्म के बाद उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया था। बाद में पंचायत में समझौता होने पर वह ससुराल लौट गई, लेकिन कुछ समय बाद फिर उत्पीड़न शुरू हो गया। फरहा के अनुसार, मई 2026 में भी मायके में पंचायत हुई थी। इसमें पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने गलती स्वीकार कर दोबारा परेशान नहीं करने का भरोसा दिया था। इसके बाद उसे वापस ससुराल ले जाया गया, लेकिन वहां फिर मारपीट और खर्च नहीं देने को लेकर परेशान किया जाने लगा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि करीब 15 दिन पहले पति असलम, ससुर मौ. रिजवान और सास मुनव्वर जहां ने उसके साथ मारपीट की। उन्होंने अपने बेटे को दुकान खुलवाने के लिए मायके से एक लाख रुपये लाने को कहा। रुपये नहीं देने पर तलाक देने, दूसरी शादी करने और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद शाम करीब पांच बजे उसे तीनों बेटियों के साथ घर से निकाल दिया।
पीड़िता ने मायके पहुंचकर परिजनों को पूरी जानकारी दी। परिजनों ने ससुराल पक्ष को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उन्होंने बिना रुपये दिए विवाहिता और बच्चियों को रखने से इनकार कर दिया। इसके बाद फरहा ने महिला थाने में शिकायत दी। पुलिस ने पति असलम, ससुर मौ. रिजवान और सास मुनव्वर जहां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)