कांग्रेस ने AAP को बताया भाजपा की ‘बी टीम’:कांग्रेस प्रवक्ता बोले- हरियाणा, गोवा और गुजरात में कांग्रेस को हराने के लिए काम किया; भाजपा-AAP एक सिक्के के 2 पहलू
आम आदमी पार्टी (AAP) नेता संजय सिंह के कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर दिए बयानों के बाद कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता राजेश तिवारी ने शुक्रवार शाम 4 बजे बयान जारी कर AAP को भाजपा की ‘बी टीम’ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP भाजपा के इशारे पर काम कर रही है। अन्ना आंदोलन को भाजपा समर्थित बताया राजेश तिवारी ने दावा किया कि AAP का जन्म अन्ना आंदोलन से हुआ था, जिसे भाजपा का समर्थन हासिल था। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन को भाजपा से फंडिंग मिली थी। भाजपा संगठनों से जुड़े लोगों ने नेशनल चैनलों पर इसे स्वीकार भी किया था। पंजाब सरकार पर भ्रष्टाचार और नशे को लेकर हमला राजेश तिवारी ने पंजाब के हालात को लेकर भी AAP सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री खुद को नहीं संभाल पा रहे हैं और नशे की हालत में रहते हैं। AAP सरकार ने पंजाब के लोगों को भ्रष्टाचार और नशे में झोंक दिया है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के लोग अब सरकार को हटाने का मन बना चुके हैं। तिवारी ने संजय सिंह के बयानों को हताशा और हार के डर का संकेत बताया। कांग्रेस नेताओं के बलिदान का दिया हवाला संजय सिंह के कांग्रेस नेताओं के जेल न जाने वाले तंज पर तिवारी ने कहा कि कांग्रेस नेता देश को आजाद कराने के लिए जेल गए, लाठियां और गोलियां खाईं और बलिदान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का कोई नेता AAP की तरह भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल नहीं गया। हरियाणा, गोवा और गुजरात चुनाव का भी किया जिक्र राजेश तिवारी ने आरोप लगाया कि हरियाणा चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल जेल में थे, लेकिन चुनाव के समय भाजपा से अंदरखाने समझौता करके बाहर आ गए। उन्होंने कहा कि AAP ने हरियाणा, गोवा और गुजरात में कांग्रेस को हराने के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा और AAP एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। कांग्रेस भाजपा को हराने के लिए काम कर रही है, जबकि AAP पहले भी भाजपा की ‘बी टीम’ थी और अब भी यही भूमिका निभा रही है। बता दें कि गुरुवार को सुल्तानपुर में प्रेस वार्ता कर संजय सिंह ने कांग्रेस पर सवाल खड़े किए थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)