कानपुर में गठबंधन से पहले डिमांड:कांग्रेस 10 में से 6 तो सपा 8 सीट पर ठोक रही है विधानसभा चुनाव लड़ने का दावा
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की कवायद तेज हो गई है। दोनों दलों ने सीटों के बंटवारे पर बातचीत के लिए कमेटियां बना दी हैं। दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर पहली बैठक भी हुई। लेकिन गठबंधन की इस बातचीत के बीच कानपुर की 10 विधानसभा सीटों पर दोनों संगठन के पदाधिकारियों ने अपने-अपने दावे पेश किए हैं। कांग्रेस कानपुर जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने की 10 में से 6 सीटों पर अपना दावा ठोक रही है, जबकि समाजवादी पार्टी जिला महासचिव संजय सिंह उर्फ बंटी सेंगर ने 8 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कह रही है। कांग्रेस कैंट, आर्यनगर, किदवईनगर, गोविंदनगर, महाराजपुर और घाटमपुर सीट मांग रही है। वहीं सपा का कहना है कि गोविंदनगर और किदवईनगर को छोड़कर बाकी 8 सीटों पर उसका दावा है। दोनों दलों के दावों में यह भी कहना है कि उनकी सभी सीटों पर तैयारी है। दिलचस्प बात यह है कि जिन सीटों को लेकर कांग्रेस सबसे ज्यादा सक्रिय है, उनमें से कुछ पर सपा के विधायक मौजूदा समय में हैं। दैनिक भास्कर ने दोनों पार्टियों के जिला संगठन के पदाधिकारियों से बातचीत कर समझने की कोशिश की कि आखिर कानपुर में किस सीट पर किसका दावा है और पिछले तीन विधानसभा चुनावों के नतीजे दोनों दलों के दावों को कितना मजबूत बता रहें हैं। कांग्रेस बोली- 6 सीटों पर तैयारी, सपा बोली- 8 सीटें हमारी
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पवन ने बताया कि पार्टी सभी 10 विधानसभा सीटों पर संगठन मजबूत करने में जुटी है। जिले के सभी 1606 बूथों पर बूथ एजेंट नियुक्त किए गए हैं। वार्ड स्तर पर भी प्रभारियों की तैनाती की गई है। SIR के बाद मिली मतदाता सूची का सत्यापन कराया जा रहा है। इसके साथ ही SSR की प्रक्रिया पर भी निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी गठबंधन में जितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, उन सभी पर जीत के लिए काम करेगी। हालांकि कांग्रेस की प्राथमिकता 6 सीटों की है। कांग्रेस जिन 6 सीटों पर दावा कर रही है, उनमें शामिल हैं
कानपुर कैंट
आर्यनगर
किदवईनगर
गोविंदनगर
महाराजपुर
घाटमपुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता के मुताबिक गोविंदनगर में ही करीब एक दर्जन नेता टिकट के लिए दावेदारी कर रहे हैं। सभी अपने-अपने स्तर पर क्षेत्र में सक्रिय हैं। पार्टी के पास कई संभावित प्रत्याशी हैं। लेकिन टिकट का फैसला हाईकमान करेगा। सपा बोली- कैंट में 20 हजार से जीते, कांग्रेस को मिले थे 12 हजार वोट
समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव संजय सिंह उर्फ बंटी सेंगर ने कांग्रेस के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किदवईनगर और गोविंदनगर ऐसी दो सीटें हैं, जिन्हें गठबंधन में कांग्रेस को दिया जा सकता है। बाकी 8 सीटों पर सपा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि किदवईनगर में कांग्रेस का पिछला प्रदर्शन बेहतर रहा है और वहां पार्टी का विधायक भी रह चुका है। लेकिन बाकी सीटों पर सपा का अपना आधार है। कैंट सीट पर कांग्रेस की दावेदारी को लेकर उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में सपा ने यहां करीब 20 हजार वोटों से जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस के पूर्व विधायक को लगभग 12 हजार वोट मिले थे। ऐसे में सपा अपनी जीती हुई सीट छोड़ने के पक्ष में नहीं है। संजय सिंह ने कहा कि सीट मांगना हर पार्टी का अधिकार है, लेकिन अंतिम फैसला दोनों दलों का शीर्ष नेतृत्व करेगा। अखिलेश यादव ने हर विधानसभा सीट पर सर्वे कराया है। उनके पास सीटों और संभावित प्रत्याशियों के आंकड़े हैं। सपा का मानना है कि सीटों का बंटवारा केवल दावेदारी के आधार पर नहीं, बल्कि जीत की संभावना के आधार पर होना चाहिए। अब पढ़िए बीते 3 विधानसभा चुनाव में राजनौतिक दलों की जीत हार का आकड़ा 2022 के चुनाव में सपा के पास थीं 3 सीटें, कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला
पिछले विधानसभा चुनाव के नतीजे देखें तो 2022 में कानपुर की 10 सीटों में भाजपा ने 6 सीटें जीती थीं। वहीं गठबंधन के सहयोगी अपना दल (एस) को घाटमपुर सीट मिली थी।
समाजवादी पार्टी ने आर्यनगर, सीसामऊ और कानपुर कैंट की सीटों पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस का खाता नहीं खुला था। ऐसे में 2022 के नतीजों के आधार पर देखें तो सपा के पास तीन मौजूदा सीटें हैं। इनमें आर्यनगर और कैंट ऐसी सीटें हैं, जिन पर कांग्रेस भी दावा कर रही है। यही दोनों दलों के बीच स्थानीय स्तर पर दावेदारी के टकराव की बड़ी वजह बन रही हैं। 2017 में कांग्रेस ने कैंट जीती, सपा को मिली थीं 2 सीटें
2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कानपुर की 10 में से 7 सीटों पर जीत हासिल की थी। इनमें किदवईनगर, गोविंदनगर, बिल्हौर, बिठूर, कल्याणपुर, महाराजपुर और घाटमपुर शामिल थीं। समाजवादी पार्टी को आर्यनगर और सीसामऊ में जीत मिली थी। वहीं कांग्रेस ने कानपुर कैंट सीट पर जीत दर्ज की थी। यानी कैंट सीट पर कांग्रेस का भी पुराना चुनावी रिकॉर्ड रहा है। इसी आधार पर पार्टी इस सीट को गठबंधन में अपने हिस्से में रखना चाहती है। दूसरी ओर सपा का तर्क है कि 2022 में उसने यहां जीत हासिल की है। 2012 में सपा का दबदबा, भाजपा को 4 और कांग्रेस को 1 सीट
2012 के विधानसभा चुनाव में कानपुर की 10 सीटों में समाजवादी पार्टी ने 5 सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा को 4 सीटें मिली थीं, जबकि कांग्रेस ने किदवईनगर सीट पर जीत हासिल की थी। सीटों के दावे में कहां फंस सकता है गठबंधन?
दोनों पार्टियों के नेताओं के बयानों को देखें तो सीटों को लेकर तीन तरह के समीकरण सामने आ रहे हैं। 1. कैंट सीट पर दोहरा दावा: कांग्रेस 2017 में यहां अपनी जीत का हवाला दे रही है, जबकि सपा 2022 की जीत और वोटों के अंतर को आधार बना रही है। 2. आर्यनगर पर भी खींचतान: कांग्रेस इस सीट पर अपना दावा कर रही है, लेकिन यहां वर्तमान में सपा का विधायक है। दो बार से लगातार यहां पर समाजवादी पार्टी जीत चुकी है। 3. गोविंदनगर और किदवईनगर पर सहमति की गुंजाइश: सपा के जिला महासचिव ने इन दोनों सीटों को कांग्रेस के खाते में जाने की संभावना जताई है। कांग्रेस भी इन्हें अपनी प्राथमिकता में रख रही है। महाराजपुर और घाटमपुर को लेकर भी कांग्रेस की दावेदारी है, जबकि सपा का कहना है कि इन सीटों पर भी उसका संगठन और चुनावी तैयारी मजबूत है। आंकड़ों से तय होगी हिस्सेदारी या नेताओं के दावे पड़ेंगे भारी?
कानपुर की 10 विधानसभा सीटों के पिछले तीन चुनावों के नतीजे बताते हैं कि हर चुनाव में राजनीतिक समीकरण बदले हैं। 2012 में सपा को 5 सीटें मिली थीं, 2017 में भाजपा का दबदबा रहा और 2022 में सपा ने 3 सीटों पर जीत दर्ज की। दोनों दलों के सामने पिछले चुनावों के परिणाम, प्रत्याशियों का प्रदर्शन, संगठन की सक्रियता और मौजूदा राजनीतिक समीकरण जैसे कई आधार पर ही गठबंधन में सीट शेयरिंग सामने आ सकती है। अब निगाहें दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व की बातचीत पर हैं। स्थानीय स्तर पर कांग्रेस 6 सीटों की मांग कर रही है, जबकि सपा 8 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कह रही है। हालांकि अंतिम फैसला गठबंधन की कमेटियां और शीर्ष नेतृत्व ही करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)