कार्तिक पूर्णिम पर 5 लाख श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी:अयोध्या में भोर से कड़ी सुरक्षा के बीच चल रहा स्नान-दान और दर्शन
अयोध्या में कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। भोर से करीब 5 लाख श्रद्धालु सरयू स्नान कर मंदिरों में दर्शन-पूजन कर रहे हैं। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच श्रद्धालु पावन सरयू नदी में डुबकी लगा रहे हैं।करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे सरयू तट पर सुबह से ही स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला जारी है। मंगलवार होने के कारण स्नान के बाद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ हनुमानगढ़ी में दर्शन के लिए पहुंच रही है।रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद हर साल कार्तिक पूर्णिमा मेले में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। हनुमानगढ़ी के बाद राम जन्मभूमि मंदिर, नागेश्वरनाथ, कनक भवन और श्रीराम वल्लभाकुंज सहित प्रमुख मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी है।भीड़ के दबाव को देखते हुए मंदिरों में दर्शनार्थियों को जत्थों में प्रवेश दिया जा रहा है। पूरे मेला क्षेत्र में धार्मिक जयघोष, हवन-पूजन और प्रवचन से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। एक महीने से कल्पवास कर रहे श्रद्धालु कार्तिक पूर्णिमा स्नान के साथ अपने कल्पवास और उपवास का उद्यापन कर रहे हैं। आंवले के वृक्ष के नीचे विशेष पूजन-अर्चन किया जा रहा है।कार्तिक पूर्णिमा पर सभी प्रमुख मंदिरों में परंपरागत रूप से देव दीपावली मनाई जाएगी। शाम को सरयू तट पर फूल बंगले की झांकी सजाकर मां सरयू की भव्य महाआरती होगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस और प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। यातायात सुचारु रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू है, वहीं ड्रोन कैमरों से पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)