कानपुर में रिटायर प्राचार्य के अकाउंट से 9.83 लाख पार:गैस बुकिंग कराने के दौरान मोबाइल हुआ है, 32 खातों में ट्रांसफर हुई रकम
साइबर ठगों ने गैस बुकिंग के दौरान रिटायर प्राचार्य का मोबाइल हैक कर दो बैंक खातों से 9.83 लाख रुपये पार कर दिए। ठगों ने चार दिनों के बीच एचडीएफसी और एसबीआई बैंक के खातों से 32 अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर की। आनलाइन भुगतान नहीं होने पर पीड़ित को ठगी की जानकारी हुई। पीड़ित की शिकायत पर बर्रा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 16 अक्टूबर को गैस बुकिंग कराई थी बर्रा–7 निवासी डा. वीरेंद्र शर्मा कानपुर देहात के पुखरायां स्थित कालपी डिग्री कालेज से प्राचार्य के पद से रिटायर हैं। उन्होंने बताया कि 16 अक्टूबर को गैस बुकिंग करते समय साइबर ठगों ने उनका मोबाइल हैक कर लिया। इसके बाद दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर गैस भेजने की सूचना दी गई। इसके बाद मोबाइल फोन हैक करके 16 से 20 अक्टूबर के बीच एसबीआई खाते से रकम एचडीएफसी में ट्रांसफर करके कुल 9,83,284 रुपये पार कर दिए। 20 अक्टूबर को वह दवा लेने मेडिकल स्टोर पहुंचे, जहां आनलाइन भुगतान न होने पर संदेह हुआ। इसके बाद बैंक जाकर जानकारी की तो खातों से रकम निकलने का पता चला। बर्रा पुलिस ने शिकायत अनसुनी की आरोप है कि बर्रा थाने में सुनवाई नहीं होने पर पुलिस कमिश्नर से गुहार लगाई, जिसके बाद मुकदमा दर्ज हुआ। बर्रा इंस्पेक्टर क्षितिज कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल की मदद से रकम वापस कराने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)