कानपुर में सपा की PDA प्रहरी पदयात्रा:जिलाध्यक्ष बोले- 5 विधानसभा के 1614 बूथों पर घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता

Nov 18, 2026 - 22:38
0
कानपुर में सपा की PDA प्रहरी पदयात्रा:जिलाध्यक्ष बोले- 5 विधानसभा के 1614 बूथों पर घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता
कानपुर में समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची दुरुस्त कराने और पीडीए का संदेश घर-घर पहुंचाने के लिए अभियान शुरू किया है। बुधवार को सुजातगंज स्थित गांधी ग्राउंड से पार्टी के ‘पीडीए प्रहरी पदयात्रा अभियान’ का शुभारंभ हुआ। 18 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत कानपुर महानगर की 5 विधानसभा क्षेत्रों के 1614 बूथों और 342 मतदान केंद्रों पर कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद की अध्यक्षता और अभियान के मुख्य प्रभारी एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिंटू के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली गई। गांधी ग्राउंड से शुरू हुई पदयात्रा सुजातगंज मुख्य मार्ग, चंदेरी, नई मस्जिद क्षेत्र, निहुरा और श्याम नगर से सटी बस्तियों से होकर गुजरी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे और 'वोट बचाओ-लोकतंत्र बचाओ' की तख्तियां लेकर लोगों को मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक किया। पीडीए में हर वर्ग के लोग शामिल : फजल महमूद पदयात्रा के दौरान हाजी फजल महमूद ने कहा कि पीडीए किसी एक जाति विशेष का संगठन या विचारधारा नहीं है। इसमें पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के साथ अगड़ा वर्ग और महिलाएं भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पीडीए का व्यापक अर्थ हर उस व्यक्ति से है, जो पीड़ित, शोषित और अपने अधिकारों से वंचित है। अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाना और लोगों के मताधिकार की रक्षा करना है। भाजपा सरकार और नगर निगम पर साधा निशाना हाजी फजल महमूद ने भाजपा सरकार पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर की सड़कें बदहाल हैं, गलियों में कूड़े के ढेर लगे हैं और गड्ढे भरने का काम केवल कागजों पर हो रहा है। उन्होंने महंगाई को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर पर भी राजनीतिक आरोप लगाते हुए उन्हें भाजपा की बी टीम बताया और जनता से ऐसे नेताओं के बयानों से सावधान रहने की अपील की। 19 नवंबर को कैंट के 349 बूथों पर पहुंचेंगे कार्यकर्ता अभियान के मुख्य प्रभारी शैलेंद्र यादव मिंटू ने बताया कि चुनाव आयोग की ओर से 17 नवंबर को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में कई लोगों के नाम छूटे हुए हैं। ऐसे में कार्यकर्ता लोगों को अपने और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचने के लिए जागरूक करेंगे। उन्होंने बताया कि 21-22 नवंबर और 28-29 नवंबर को विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दौरान छूटे हुए नाम जुड़वाने में पार्टी कार्यकर्ता लोगों की मदद करेंगे। इसी क्रम में 19 नवंबर को कैंट विधानसभा क्षेत्र के सभी 349 बूथों और 78 मतदान केंद्रों पर पीडीए प्रहरी घर-घर जाकर मतदाता सूची की जांच और नए नाम जुड़वाने का काम करेंगे। 5 विधानसभाओं में चलेगा अभियान सपा महानगर अध्यक्ष के मुताबिक, 30 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान में पांचों विधानसभा क्षेत्रों के 1614 बूथों पर कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी। प्रत्येक कार्यकर्ता को पीडीए प्रहरी के रूप में जिम्मेदारी दी गई है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिंटू, महासचिव संजय सिंह बंटी सेंगर, मुमताज मंसूरी, दीपक खोटे, शादाब आलम, सुलेखा यादव, नंदलाल जायसवाल, अरमान खान, अर्पित त्रिवेदी, केके मिश्रा, राजेश गोंड कश्यप, सत्यनारायण गहरवार, महेंद्र सिंह, परमवीर गंभीर, रजत मिश्रा, शबाब अबरार, एहसान खान, इशरत इराकी, दीपा यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User